मरवाही अवैध रेत भंडारण – अवैध रेत का स्टॉक सील किया गया –
रायपुर/छत्तीसगढ़ –24 जुलाई 2026 —
शिकायत और कार्रवाई से न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगा है, बल्कि जनता का प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ा है, जो प्रदेश में पारदर्शिता और समर्पित लोकसेवा की दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है।
सुशासन का असर: मरवाही में अवैध रेत भंडारण सील, दो ट्रैक्टर जब्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और जवाबदेही के संकल्प के अनुरूप गौरेला‑पेंड्रा‑मरवाही जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की गई, मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण स्थल को मौके पर ही सील कर दिया गया और अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए गए।
कलेक्टर विजय दयाराम के निर्देशानुसार जिला खनिज विभाग ने शिकायत की जांच कर संबंधित भंडारणकर्ता को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया था। निर्धारित अवधि में संतोषजनक दस्तावेज न मिलने पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई।
मामले में मरवाही और पिपरिया क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड व अन्य नियमानुसार कदम उठाये जा रहे हैं। इस विशेष अभियान में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू तथा साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रखा जाए ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
- Advertisement -
- Advertisement -