सैनिक स्कूल में कक्षा 6 से ही शुरू होती है NDA की तैयारी,AISSEE 2027 के आवेदन शुरू।
रायपुर / बेमेतरा, 20 नवंबर 2026
अगर आपके बच्चे का सपना सेना में अफसर बनने का है, तो इंतजार 12वीं तक करने की जरूरत नहीं है। वो यात्रा कक्षा 6 से ही शुरू हो जाती है, और उसका नाम है – सैनिक स्कूल।
बेमेतरा जैसे छोटे जिले से भी हर साल बच्चे NDA और सेना में जा रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि किसी को सही समय पर सही जानकारी मिल जाती है, और किसी को पता ही नहीं चलता कि आवेदन कब निकला था।
इस बार मौका फिर सामने है। AISSEE 2027 के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं।
क्या है सैनिक स्कूल?
सैनिक स्कूल सिर्फ पढ़ाई का स्कूल नहीं है। यह अनुशासन, फिजिकल फिटनेस, नेतृत्व और देशभक्ति की पाठशाला है।
इन स्कूलों की शुरुआत 1961 में हुई थी। पहला सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के सतारा में खोला गया था। मकसद एक ही था – देश के हर कोने से, हर वर्ग से, NDA के लिए योग्य युवा तैयार करना।
आज देश में 33 सैनिक स्कूल हैं, जो रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी चलाती है। इसके अलावा साझेदारी वाले नए सैनिक स्कूल भी जुड़ गए हैं। 2021-22 से इनमें लड़कियों को भी प्रवेश मिलने लगा है।
बेमेतरा के अभिभावकों के लिए क्यों खास है ये खबर?
बेमेतरा में अक्सर अभिभावक पूछते हैं – बच्चे को सैनिक स्कूल में डालने के लिए कब, कैसे तैयारी करें?
जवाब सीधा है – कक्षा 5 से ही तैयारी शुरू कर दीजिए। क्योंकि प्रवेश कक्षा 6 में होता है।
जो बच्चा कक्षा 6 में सैनिक स्कूल में चला गया, उसे 12वीं तक NDA पैटर्न की पढ़ाई, फिजिकल ट्रेनिंग और अनुशासन की आदत मिल जाती है। यही बच्चे आगे चलकर NDA, सेना, नौसेना और वायुसेना में अफसर बनते हैं।
AISSEE 2027: कहां, कितनी सीटें?
यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) कराती है।
सत्र 2027-28 के लिए:
33 पुराने सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश
80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 में प्रवेश
40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9 में प्रवेश
संभावित सीटें (33 सैनिक स्कूलों में):
कक्षा 6: 3,160 सीटें, जिनमें 351 सीटें लड़कियों के लिए।
कक्षा 9: 732 सीटें
कौन भर सकता है फॉर्म? पात्रता जान लीजिए
कक्षा 6 के लिए:
31 मार्च 2027 को आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
जन्मतिथि: 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच
कक्षा 9 के लिए:
31 मार्च 2027 को आयु 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
जन्मतिथि: 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच
और कक्षा 8 उत्तीर्ण होना जरूरी है।
कक्षा 9 में लड़कियों का प्रवेश सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
परीक्षा कब और कैसी होगी?
परीक्षा तिथि: 31 जनवरी 2027
मोड: पेन-एंड-पेपर (OMR)
नेगेटिव मार्किंग: नहीं होगी
कक्षा 6 की परीक्षा:
समय: 150 मिनट, कुल अंक: 300
गणित: 150 अंक
भाषा: 50 अंक
बुद्धिमत्ता: 50 अंक
सामान्य ज्ञान / पर्यावरण अध्ययन: 50 अंक
यह परीक्षा 13 भाषाओं में दी जा सकेगी
कक्षा 9 की परीक्षा:
समय: 180 मिनट, कुल अंक: 400
केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी
पास होने के लिए: हर विषय में कम से कम 25% और कुल 40% अंक जरूरी हैं। इसके बाद मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग होगी।
33 सैनिक स्कूलों में 67% सीटें गृह-राज्य के बच्चों के लिए आरक्षित रहती हैं। यानी छत्तीसगढ़ के बच्चों को छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल में फायदा मिलेगा।
RIMC और RMS का क्या है?
सैनिक स्कूल के अलावा दो और पुराने संस्थान हैं, जिनके बारे में बेमेतरा के अभिभावकों को जानना चाहिए –
1. RIMC देहरादून:
स्थापना 1922 में हुई। इसमें सिर्फ कक्षा 8 में प्रवेश मिलता है। जुलाई 2027 सत्र की परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को होगी। इसके लिए 1 जुलाई 2027 को आयु 12½ से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
2. RMS (राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल):
चौल, अजमेर, धौलपुर, बेलगाम और बेंगलुरु में स्थित 5 स्कूल। इनकी CET परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को होगी।
ध्यान दें:
RIMC और RMS दोनों के आवेदन इस बार बंद हो चुके हैं। इसलिए जिन बच्चों की उम्र छोटी है, उनके माता-पिता अगले सत्र के लिए अभी से तैयारी शुरू करें।
आवेदन की अंतिम तिथियां – इसे मिस मत कीजिए।आवेदन शुरू: 3 नवंबर 2026
अंतिम तिथि: 2 दिसंबर 2026, रात 11:50 बजे तक।विलंब शुल्क के साथ: 3 से 6 दिसंबर 2026
फॉर्म में सुधार: 7 से 9 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड: 25 जनवरी 2027
परीक्षा: 31 जनवरी 2027
आवेदन वेबसाइट: exams.nta.ac.in/AISSEE
आवेदन शुल्क: 850 रुपये (SC/ST के लिए 700 रुपये)
विलंब शुल्क: 500 रुपये अतिरिक्त
हेल्पलाइन: 011-40759000
ईमेल: aissee@nta.ac.in
जन चौपाल 36 की सलाह
बेमेतरा, कवर्धा और रायपुर के अभिभावक अगर चाहते हैं कि उनका बच्चा आगे चलकर वर्दी पहने, तो इस फॉर्म को हल्के में मत लीजिए।
2 दिसंबर तक का इंतजार मत कीजिए। सर्वर की दिक्कत, दस्तावेज की कमी, फोटो-सिग्नेचर की गड़बड़ी – ये सब आखिरी दिन ही होती है।
आज ही फॉर्म भरें, और बच्चे को रोज 1 घंटा गणित और 30 मिनट सामान्य ज्ञान की तैयारी कराएं। सैनिक स्कूल की तैयारी महंगी कोचिंग से नहीं, रोज की निरंतरता से होती है।(न्यूज स्त्रोत पी आई बी रायपुर)
