ब्लड कैंसर से जूझ रही 3 साल की काव्या की हालत गंभीर, CM साय ने दी 1 लाख रुपये की मदद

Must read

जन चौपाल 36 को मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित एम्स में भर्ती महज 3 साल 9 महीने की मासूम काव्या जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार की मदद के लिए पहल की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिकित्सकों से बातचीत कर बच्ची के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से काव्या की देखभाल के लिए 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को भी बच्ची के उपचार और परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

रायपुर। पिता मजदूरी कर चलाते हैं परिवार, इलाज का खर्च बना बड़ी चुनौती काव्या का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके पिता भूमिहीन किसान हैं और रोजाना मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में बेटी की गंभीर बीमारी और लंबे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।

बेटी को स्वस्थ देखने की उम्मीद में परिवार लगातार प्रयास कर रहा है। इसी बीच काव्या की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखी गई एक भावुक चिट्ठी सामने आई है। इसमें उसने प्रधानमंत्री को दादाजी कहकर संबोधित करने की इच्छा जताते हुए अपने इलाज के लिए मदद मांगी है।

माता-पिता को रोते देखकर डर गई मासूम, चिट्ठी में बयां किया दर्द

काव्या की चिट्ठी में उसके बचपन की मासूमियत और बीमारी से पैदा हुआ डर साफ झलकता है। उसने लिखा कि उसे अभी दुनिया की ज्यादा समझ नहीं है, लेकिन इतना जरूर पता है कि वह बीमार है और उसके मम्मी-पापा बहुत परेशान रहते हैं।

अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने कई बार अपने माता-पिता को रोते हुए देखा। डॉक्टरों और पिता के बीच बीमारी को लेकर होने वाली बातचीत सुनकर उसके मन में डर बैठ गया है। उसे आशंका सताने लगी कि कहीं वह दोबारा अपने घर नहीं लौट पाएगी।

मासूम ने अपनी चिट्ठी में यह भी बताया कि उसे ब्लड कैंसर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उसे यह तक समझ नहीं आता कि आखिर उसे यह बीमारी कैसे हो गई।

डॉक्टर बनने का सपना देखती है काव्या

गंभीर बीमारी से जूझने से पहले काव्या का जीवन दूसरे बच्चों की तरह ही खुशियों से भरा था। वह आंगनबाड़ी जाती थी, खिलौनों से खेलती थी और मां की गोद में सोना उसे बेहद पसंद था। पिता के साथ घूमना भी उसकी पसंदीदा गतिविधियों में शामिल था।

काव्या का सपना बड़ी होकर डॉक्टर बनने का है। वह चाहती है कि भविष्य में बीमार बच्चों का इलाज करे और उनकी तकलीफ दूर करने में मददगार बने। लेकिन आज वही बच्ची खुद अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी बचाने की जंग लड़ रही है।

खिलौने और चॉकलेट नहीं, प्रधानमंत्री से मांगी जिंदगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील करते हुए काव्या ने अपनी चिट्ठी में बेहद भावुक बात लिखी है। उसने कहा कि उसे खिलौने या चॉकलेट नहीं चाहिए, बल्कि थोड़ी-सी जिंदगी चाहिए।

वह फिर से आंगनबाड़ी जाना चाहती है, अपने माता-पिता के साथ घर लौटना चाहती है और बड़ी होकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना चाहती है।

सरकार की पहल से परिवार को मिली आर्थिक सहायता

काव्या की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल सहायता के निर्देश दिए। इसके बाद रेडक्रॉस सोसायटी के जरिए परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने भी उपचार की स्थिति की जानकारी लेकर चिकित्सकीय व्यवस्था का जायजा लिया।

स्वास्थ्य विभाग ने बच्ची की निगरानी और देखभाल के लिए चौबीसों घंटे पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती की है। जिला प्रशासन को भी परिवार की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पूरा परिवार काव्या के स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठा है। एक छोटी-सी बच्ची की अपने माता-पिता के साथ घर लौटने और डॉक्टर बनने की इच्छा ने लोगों को भावुक कर दिया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article