रायपुर साहित्य उत्सव 8 से 10 जनवरी तक, ‘युवा भारत’ थीम पर जुटेंगे देशभर के साहित्यकार

Must read

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों और रचनाकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण किया और पोस्टर जारी कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार महोत्सव की मुख्य थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

छत्तीसगढ़ की भाषाओं और लोक परंपराओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

प्रतीक चिह्न और पोस्टर के अनावरण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं से भी जुड़ी हुई है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोकगीतों, कथाओं और संगीत में प्रदेश के सामाजिक जीवन तथा सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है।

उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव के जरिए इस विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। यह आयोजन साहित्यिक विमर्श, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

पिछले आयोजन की सफलता से बढ़ी उम्मीदें

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में पिछले साल कम समय में रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों की सहभागिता से इसे अच्छी सफलता मिली और देशभर में इसकी चर्चा हुई।

उन्होंने पिछले आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इस बार उत्सव को पहले से अधिक व्यापक और आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया जाना चाहिए। उनका लक्ष्य है कि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बनाए।

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को सहेजने की जरूरत पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी भाषाओं में पीढ़ियों से संचित लोकज्ञान, कहानियां और परंपराएं मौजूद हैं। इस अमूल्य विरासत का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है।

उन्होंने सुझाव दिया कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक विधाओं को विशेष स्थान दिया जाए। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को पहचान मिलेगी और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सकेगी।

‘युवा भारत’ थीम से युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को सामने लाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि साहित्य समाज में संवेदनशीलता और विचारशीलता को मजबूत करता है। इसलिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिल सके।

उभरते रचनाकारों को आगे लाने का बनेगा मंच

मुख्यमंत्री ने पिछले साल उत्सव के तहत प्रदेशभर में आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली साहित्यकारों और रचनाकारों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है।

उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर साहित्य उत्सव नए लेखकों और कवियों को पहचान दिलाने के साथ प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को भी नई गति देगा।

साहित्यकारों ने साझा किए अनुभव और दिए सुझाव

कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले आयोजन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी उत्सव को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी रखे।

साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने बड़े स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले आयोजन से रचनाकारों को नई ऊर्जा मिली और छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं मजबूत हुईं।

उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना की। साथ ही आगामी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल उपस्थित रहे।

इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, कवयित्रियां, लेखक, लेखिकाएं और साहित्य-सृजन से जुड़े गणमान्यजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को देशभर में नई ऊंचाई देगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article