दीपक और बरखा टंडन की बढ़ीं मुश्किलें, 28 नवंबर तक जेल भेजे गए, पुलिस ने जब्त कीं दो लग्जरी गाड़ियां

Must read

रायपुर। ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद बुधवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। इस बीच पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की दो गाड़ियां भी जब्त की हैं। इनमें बलेनो कार और XUV 700 शामिल है।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों की जांच के सिलसिले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने कई अहम जानकारियां और साक्ष्य जुटाए। इसी जांच के आधार पर दोनों के कब्जे से जुड़ी दो गाड़ियां जब्त की गई हैं।

रिमांड अवधि समाप्त होने पर बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की। इसके बाद अदालत ने दीपक और बरखा टंडन को 28 नवंबर तक जेल भेज दिया।

न्यूज पोर्टल के जरिए ब्लैकमेलिंग करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों के खिलाफ भ्रामक और छवि खराब करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि वह AI टूल के जरिए लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर लोगों पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था।

इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

6 नवंबर को रायपुर से पकड़ा गया था दीपक

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।

होटल वेलकम श्री में भी पुलिस ने की थी जांच

पुलिस रिमांड मिलने के बाद रविवार रात दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित उसके होटल वेलकम श्री ले जाया गया था। यहां दर्ज पांच एफआईआर से जुड़े मामलों की जांच के लिए पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों और परिसर में संचालित स्पा सेंटर की तलाशी ली।

इस दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए।

स्पा सेंटर का वीडियो भी आया सामने

दीपक टंडन के होटल में चल रहे स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दीपक दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह इसी होटल में कई लोगों को ठहराता था। आरोप यह भी है कि यहां लोगों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए जाते थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जमीन और वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी मिले

होटल में हुई तलाशी के संबंध में एसीपी रमाकांत साहू ने बताया था कि पुलिस ने पूरे परिसर की जांच की है। इस दौरान जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज, डायरी और वाहनों के कागजात मिले हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article