10 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’, बिलासपुर-बस्तर में मानसून मेहरबान
मौसम समाचार- 06 जुलाई 2026
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में बन रहे मजबूत सिस्टम के कारण अगले 48 घंटों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में झमाझम भारी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य में अब तक चालू सीजन की मौसमी बारिश सामान्य से 46 फीसदी कम रही है, लेकिन आगामी दिनों में इस कमी के दूर होने की पूरी संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है। इसी के चलते विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
10 जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी, प्रशासन मुस्तैद
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के भीतर प्रदेश के 10 प्रमुख जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट‘ जारी किया है। इन जिलों में शामिल हैं:
रायपुर,दुर्ग,बलौदाबाजार,राजनांदगांव,बेमेतरा, महासमुंद,बालोद,धमतरी,गरियाबंद,सारंगढ़-बिलाईगढ़।
👉 रेड अलर्ट को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलों के लिए संभावित’ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है। इन क्षेत्रों में वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की भी आशंका है।
प्रभावित होने वाले मुख्य जिले और संभाग इस प्रकार हैं –
कवर्धा (कबीरधाम), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी,कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बिलासपुर संभाग के अन्य जिले
सामान्य से 46% कम है बारिश, किसानों को राहत की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून की शुरुआत धीमी रही है, जिसके कारण अब तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस सूखे जैसे हालात से चिंतित किसानों के लिए मौसम विभाग का यह ताजा अनुमान एक बड़ी राहत लेकर आया है। बिलासपुर और बस्तर संभाग में शुरू हुई इस भारी बारिश से कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
- Advertisement -
- Advertisement -