25.8 C
Raipur
Thursday, August 6, 2026

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत पौधारोपण/हरियाली के संकल्प से

Must read

रायपुर – 05/08/2026

भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को आईसीएआर–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (आईसीएआर-एनआईबीएसएम), रायपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए वृक्षारोपण, खेलकूद और सामाजिक सेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने अशोक का पौधा रोपकर किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध समाज की मजबूत नींव भी रखते हैं।

आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरित वातावरण और सुरक्षित भविष्य का संदेश है।

डॉ. राय ने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे।”

कार्यक्रम में संस्थान के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर संस्थान परिसर में लगभग 75 अशोक के पौधों का रोपण किया तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. अनिल दीक्षित ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश देते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. के. सी. शर्मा ने किया। संस्थान ने इस पहल को युवाओं को प्रकृति से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा विकसित और नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article