25 करोड़ की रंगदारी मामले में पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर विनीत दुबे निलंबित, फरार आरोपी से सांठगांठ का आरोप

Must read

  जन चौपाल 36 को मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर से कथित संपर्क और सांठगांठ के आरोपों के बीच पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है।

बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबन का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

 Inspector Vineet Dubey Suspended: पूरा प्रकरण रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर आरोपी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वह अब तक गिरफ्त से बाहर है।

जांच के दौरान सामने आया कि शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने एक गोपनीय रणनीति तैयार की थी। आरोप है कि इस कार्रवाई की जानकारी पहले ही लीक हो गई, जिसके चलते खम्हारडीह क्षेत्र में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे के भीतर गोपनीय सूचनाओं के लीक होने को लेकर जांच शुरू हुई।

जांच में इंस्पेक्टर विनीत दुबे पर उठे सवाल

गोपनीय सूचना बाहर पहुंचने के मामले की पड़ताल के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे की भूमिका संदेह के घेरे में आई। इसके बाद अधिकारियों ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में पुलिस विभाग पहले भी अपने कर्मचारियों पर कार्रवाई कर चुका है।

इससे पहले एसीसीयू में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया गया था। दोनों पर भी फरार आरोपी से जुड़े मामले में गोपनीय जानकारी लीक करने जैसे आरोप लगे थे।

लगातार सामने आ रही इन कार्रवाइयों ने पुलिस विभाग के भीतर हलचल बढ़ा दी है। निलंबन अवधि में विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर तय किया गया है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

14 सितंबर को मिली थी 25 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी

मामले की शुरुआत 14 सितंबर को हुई थी, जब कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप के जरिए धमकी मिली थी। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर उनसे 25 करोड़ रुपये की मांग की थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। जांच में शोएब ढेबर का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जमानत मिलने के बाद उसे रिहा कर दिया गया।

बाद में पुलिस ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से अनुमति प्राप्त की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इसी दौरान गिरफ्तारी से संबंधित गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला सामने आया, जिसने अब पुलिस विभाग के भीतर भी कार्रवाई की स्थिति पैदा कर दी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article