उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर के कच्चापाल में किया उद्घाटन, तीन लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ युवा टैलेंट को मिलेगा नया मंच
बस्तर, छत्तीसगढ़ | 25 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और बस्तर की युवा खेल प्रतिभा को राज्य के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ आज नारायणपुर जिले के कच्चापाल गांव में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर ईरकभट्टी और कच्चापाल की महिलाओं की रस्साकसी प्रतियोगिता ने ग्रामीण उल्लास को चरम पर पहुंचाया, जिसमें ईरकभट्टी की टीम विजेता रही। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ टी-शर्ट भेंट की।
यह प्रतियोगिता तीन चरणों में विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तर पर आयोजित हो रही है, जिसमें कुल 3 लाख 80 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सिर्फ नारायणपुर जिले से ही 47 हजार से ज्यादा प्रतिभागी जुड़े हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ओलंपिक केवल खेल नहीं, बल्कि बस्तर की एकता, विश्वास और समरसता का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
‘बस्तर ओलंपिक 2025’ 25 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विभिन्न खेल आयोजनों – एथलेटिक्स, तीरंदाजी, हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, बैडमिंटन, कराटे और वेटलिफ्टिंग – में जूनियर, सीनियर, दिव्यांग और आत्मसमर्पित नक्सली खिलाड़ियों के लिए भी मंच तैयार करेगा।


