मुख्यमंत्री श्री साय छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा की बैठक में हुए शामिल
रायपुर, 26 सितंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा बैठक में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ से ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
बैठक की मुख्य बातें
सर्किट हाउस सभागार में आयोजित इस बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट को अनुमोदन, वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुतिकरण और ऑडिटर की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर भी प्रकाश डाला।
खिलाड़ियों को बड़ा फायदा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओलंपिक खेलों के विजेताओं को भी राज्य सरकार प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगी।
– स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये
– रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये
– कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये
उन्होंने बताया कि यह पहल खिलाड़ियों के मनोबल को ऊँचा उठाने का कार्य करेगी और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करेगी।
खेल ढांचे को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया के तहत छत्तीसगढ़ में कई नए खेल परिसरों की शुरुआत की जा रही है। हाल ही में केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के साथ भी राज्य में खेल अधोसंरचना के विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का प्रस्ताव रखा है और अहमदाबाद को इसके लिए प्रस्तावित किया गया है। इस दृष्टिकोण से आने वाले समय में खेल सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
स्थानीय खेलों को बढ़ावा
कैबिनेट मंत्री एवं संघ के उपाध्यक्ष श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन शुरू हुए हैं, जिनसे दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिला है।
कार्यक्रम में उपस्थिति
वार्षिक आम सभा में महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्री हिमांशु द्विवेदी, श्री गजराज पगारिया, कोषाध्यक्ष श्री संजय मिश्रा सहित खेल संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


