बेमेतरा,27 नवंबर 2026
रबी मौसम में फसल चक्र परिवर्तन एवं ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर अन्य फसलों को प्रोत्साहन देने हेतु कृषि विभाग की समीक्षा बैठक।
बेमेतरा जिले में अब किसानों को गर्मी में धान लगाने से रोकने और उसकी जगह दलहन, तिलहन जैसी कम पानी वाली फसलें लगाने के लिए कृषि विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है।
इसको लेकर गुरुवार को जनपद पंचायत बेमेतरा में उप संचालक कृषि की अध्यक्षता में मैदानी अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि जिन गांवों में पिछले साल गर्मी में धान लगाया गया था, वहां अब ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कराया जाए कि इस बार धान की जगह दूसरी फसल ली जाएगी।
क्यों बदला जा रहा है फसल चक्र?
अधिकारियों का कहना है कि लगातार धान लगाने से जमीन की उर्वरा शक्ति कम हो रही है और भू-जल स्तर भी तेजी से नीचे जा रहा है। दलहन-तिलहन जैसी फसलें कम पानी में होती हैं, जमीन को भी ताकत देती हैं और बाजार में अच्छा दाम भी मिलता है।
किसानों को क्या मिलेगा?
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को दलहन-तिलहन की खेती की तकनीक, बीज और बाजार की जानकारी दें।
विभाग का दावा है कि रबी फसलों के बीजों का भंडारण सभी समितियों और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालयों में कर लिया गया है और बीज वितरण का काम चल रहा है।
सवाल जो किसान पूछ सकते हैं
हालांकि किसानों के मन में अभी भी कई सवाल हैं –
- दलहन-तिलहन का समर्थन मूल्य पर खरीदी का भरोसा कौन देगा? अगर फसल खराब हुई तो मुआवजा धान की तरह मिलेगा? ग्राम सभा का प्रस्ताव क्या किसानों की मर्जी से होगा या सिर्फ कागजी कार्रवाई बनकर रह जाएगा?
कृषि विभाग का कहना है कि अभियान का मकसद किसानों की आय बढ़ाना और पानी बचाना है। अब देखना यह होगा कि बेमेतरा के किसान इस बार गर्मी में धान छोड़कर नई फसल की ओर कितना रुख करते हैं।
