बेमेतरा, 24 मार्च 2026।
विश्व क्षयरोग (टीबी) दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय एमसीएच बेमेतरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश और जिला क्षय अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान लोगोंको टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों को समय पर इलाज के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा और वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ विजय सिन्हा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और फॉलोअप पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में मितानिन, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) से जुड़े कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने टीबी मुक्त भारत बनाने की शपथ ली।
इस वर्ष विश्व क्षयरोग दिवस की थीम “हाँ! हम टीबी को समाप्त कर सकते हैं: देश के नेतृत्व में, लोगों द्वारा संचालित” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं और समय पर उपचार लें।
विश्व क्षयरोग दिवस पर बेमेतरा में जागरूकता कार्यक्रम, 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान शुरू


