आरंग/ रायपुर 02 जून 2026
कृषि उत्पादन के संदिग्ध होने की सूचना और किसानों से प्राप्त शिकायतों एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर कृषि विभाग आरंग, आरंग पुलिस तथा छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों और सेनानियों की उपस्थिति में ग्राम कलई (आरंग) स्थित एक गोदाम में संयुक्त जांच एवं छापामार कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से आए कुछ व्यक्तियों द्वारा स्थानीय व्यक्ति के मकान को किराये पर लेकर गोदाम संचालित किया जा रहा था। जांच टीम को मिली जानकारी के अनुसार संबंधित लोग किसानों के घर-घर जाकर उर्वरक एवं कृषि उत्पादों के ऑर्डर लेते थे तथा बाद में घर पहुंच सेवा के माध्यम से बाहरी राज्यों से लाए गए उत्पादों की बिक्री करते थे।
कार्रवाई के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में ऐसे कृषि उत्पाद पाए गए जिनमें से कुछ पर आवश्यक लेबलिंग, निर्माण संबंधी विवरण एवं नियमानुसार जानकारी अंकित नहीं थी। वहीं “बूस्टर” नाम से कुछ रासायनिक उत्पाद भी पाए गए, जिनकी वैधता एवं गुणवत्ता की जांच कृषि विभाग द्वारा की जा रही है।
संयुक्त जांच दल के मौके पर पहुंचने की सूचना मिलते ही संबंधित व्यक्ति स्थल से अनुपस्थित पाए गए। कृषि विभाग द्वारा गोदाम में उपलब्ध सामग्री, दस्तावेजों एवं उत्पादों के नमूनों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं आरंग पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों की पहचान एवं तलाश की जा रही है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी उर्वरक, कीटनाशक अथवा कृषि उत्पाद की खरीदारी से पहले उसके लेबल, निर्माण विवरण, लाइसेंस एवं विक्रेता की वैधता की जांच अवश्य करें। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विज्ञप्ति जारीकर्ता
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, आरंग
जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)


