रायपुर, 22 मई 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र, सुकमा के नेतृत्व में आयोजित “कृषि संकल्प अभियान 2026” के तहत 5 मई से 20 मई तक राज्य शासन, जिला प्रशासन, कृषि विभाग तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में जिले के तीनों विकासखंडों की 72 ग्राम पंचायतों में व्यापक जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जलवायु-अनुकूल खेती तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय और उत्पादन क्षमता में वृद्धि करना था।
अभियान के दौरान कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने खरीफ फसल प्रबंधन, उन्नत बीज चयन, बीज उपचार, कीट व रोग नियंत्रण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, कृषि मशीनीकरण तथा जैविक व प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया और केंचुआ खाद निर्माण, नील हरित काई उत्पादन, हरी खाद, पोषण वाटिका व मृदा परीक्षण जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई ।
इसके साथ ही धान के अलावा अन्य खरीफ फसलों के अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा मछलीपालन, पशु पालन और उद्यानिकी फसलों के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसरों पर विशेष जोर दिया गया।
इस अभियान कार्यक्रम के माध्यम से 6500 से अधिक किसानों ने तकनीकी प्रशिक्षण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टैक और मृदा स्वास्थ्य कार्ड—की जानकारी प्राप्त की और कृषि वैज्ञानिक एच एस तोमर के नेतृत्व में वैज्ञानिकों व किसानों के प्रतिदिन के संवाद से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हुआ।
जानकारी कार्यक्रम के परिणामस्वरूप किसानों ने अभियान को उपयोगी बताया, आधुनिक व प्राकृतिक खेती अपनाने में रुचि दिखाई तथा शासन-प्रशासन की पहल की सराहना की।


