नशा विनाश की जड़,युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन का संकल्प
रंगोली-चित्रकला से दिया जागरूकता का संदेश।
रायपुर, 02 सितंबर 2026
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ और ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और नशे से दूर रहने के साथ स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन जीने का संकल्प लिया।
स्वर्गीय छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष ने चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कर की। उन्होंने कहा कि युवावस्था जीवन की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण समय है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग पढ़ाई, खेल, नए काम सीखने और देश के विकास में करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी ने पोषण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता और बच्चों के शुरुआती 1000 दिनों में पोषण के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए पोषण संबंधी अच्छी आदतें अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में नशामुक्ति, पोषण और स्वच्छता को लेकर रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
- Advertisement -
- Advertisement -