25.1 C
Raipur
Monday, August 17, 2026

बिजली दर और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का धरना, आशीष छाबड़ा बोले- जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ

Must read

बेमेतरा 17 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के तत्वावधान में बिजली के बढ़ते दाम, स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ और प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत ग्राम पंचायत मटका में ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा, ब्लॉक प्रभारी सुमन गोस्वामी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष मिथलेश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आशीष छाबड़ा ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, कोई विलासिता नहीं। प्रदेश में बिजली के दाम लगातार बढ़ने से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए बढ़े हुए बिजली बिल दोहरी मार साबित हो रहे हैं।

उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। छाबड़ा ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने के बजाय नई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं में अधिक बिजली बिल आने को लेकर असंतोष है। सरकार को उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निराकरण करना चाहिए।
आशीष छाबड़ा ने बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने तथा पुराने सामान्य मीटर लगाने की दिशा में निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के हक, अधिकार और आर्थिक हितों की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी। जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलती, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष मिथलेश वर्मा ने कहा कि बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में व्यापक असंतोष है। कांग्रेस इस जनहित के मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाएगी और बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
ब्लॉक प्रभारी सुमन गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार को आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेना चाहिए। बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड ने भी धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था से उपभोक्ताओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करते हुए बिजली उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देनी चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में ललित विश्वकर्मा, ऋषि वर्मा, मोहित वर्मा, राजेंद्र वर्मा, शिव वर्मा, योगिता साहू, प्रज्वल वर्मा, अमित वर्मा, अनिल दुबे, चित्रेन्द्र वर्मा, बसंत जोशी, महानंद वर्मा, अनिल यदु, पवन साहू, राजकुमार बंजारे, संजय वर्मा, नरेंद्र निषाद, छोटू साहू, सूरज कोसले, सुखराम वर्मा, हीरालाल यदू, राजू रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article