छत्तीसगढ़ में बिछ रही विकास की नई पटरी, डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को मिली मंजूरी
रायपुर- 1 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है और छत्तीसगढ़ भी इसका लाभ उठा रहा है।
छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव , केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू तथा सांसद संतोष पाण्डेय के साथ बैठक कर राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन, रावघाट-जगदलपुर रेल मार्ग और बस्तर-सरगुजा क्षेत्र में रेल नेटवर्क विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णयों पर विचार हुआ।
बैठक में बताया गया कि डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन को मंजूरी मिल गई है। लगभग 295 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 27 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। इस रेल लाइन से राजनांदगांव, खैरागढ़, कवर्धा और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिससे आवागमन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे इन क्षेत्रों के लोगों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के औद्योगिक, खनिज और कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण राज्य है। रेलवे नेटवर्क का विस्तार केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह औद्योगिक विकास, पर्यटन, कृषि विपणन, जनजातीय क्षेत्रों की प्रगति और क्षेत्रीय संतुलित विकास से भी जुड़ा हुआ है।
बैठक में रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इस परियोजना के पूरा होने से बस्तर के दूरस्थ एवं खनिज समृद्ध क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। साथ ही कोयला और खनिज क्षेत्रों के लिए विकसित किए जा रहे नए रेल कॉरिडोर ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़, रावघाट-जगदलपुर तथा बस्तर से सरगुजा तक रेल नेटवर्क के विस्तार से जनजातीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
- Advertisement -
- Advertisement -