नशामुक्त भारत-नशामुक्त छत्तीसगढ़ : नशामुक्ति संदेश देने, जशपुर में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं
जशपुर 27 जुलाई 2026
जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जशपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवा देश के भविष्य हैं विशेषकर छात्र जीवन अगर भविष्य की दिशा अंतहीन अंधेरे में दिखाई देने लगे तो परिवार समाज और देश की बुनियाद हिल जाएगी।युवाओं को इस दिशा में बढ़नें से रोकने के लिए समाज और सरकार को आगे आना होगा।
जशपुर के शासकीय रामभजन राय (एन.ई.एस.) स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ विषय पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (मेरा युवा भारत), जशपुर की ओर से किया गया। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और नशामुक्ति का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
प्रतियोगिता में एम.एल.बी. कन्या विद्यालय और संकल्प स्कूल, जशपुर सहित कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नृत्य, संगीत, वाद-विवाद, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील निर्माण और शॉर्ट फिल्म जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पतनवार और विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने और साइबर अपराधों से बचने के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी।
सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश
मेरा युवा भारत के युवा अधिकारी संकेत मित्तल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान युवाओं से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि युवा केवल नशे से ही नहीं, बल्कि हर तरह की बुरी आदतों और नकारात्मक सोच से दूर रहें। उन्होंने अनुशासित और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
विशेषज्ञों ने किया निष्पक्ष मूल्यांकन
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विशेषज्ञ निर्णायकों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मूल्यांकन किया।
- Advertisement -
- Advertisement -