31.8 C
Raipur
Sunday, June 28, 2026

केतन मर्डर केस – ​लोहागढ़ किले में ‘हादसा’ नहीं ‘हत्या’ थी, तफ्तीश और बयान

Must read

खबर डेस्क 27 जून 2026

  • ज्योतिपति: गांव के वरिष्ठ पुरुष, जो समाज और रिश्तों के ताने-बाने को गहराई से समझते हैं।
  • ज्वाला: ‘जन चौपाल 36’ के युवा पत्रकार पुरुष, जो हर खबर की तह तक जाते हैं।

(दृश्य: चौपाल पर खाट पर बैठे ज्योतिपति और ज्वाला आपस में चर्चा कर रहे हैं। हाथ में मोबाइल लिए ज्वाला इस नए सनसनीखेज केस की परतें खोल रहा है।)

ज्योतिपति: (गंभीर मुद्रा में) अरे ज्वाला भैया, ये पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का जो मामला सामने आया है, उसने तो इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। पहले तो पुलिस और सब लोग इसे लोहागढ़ किले की ऊंचाई और फिसलन के कारण हुआ एक हादसा ही मान रहे थे ना?

ज्वाला: (तेवर बदलते हुए) हां काका, शुरुआत में तो इसे बिल्कुल सीधा-साधा ‘एक्सीडेंट’ ही मान लिया गया था। पूरा परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। लेकिन कहते हैं ना कि गुनहगार चाहे कितना भी शातिर हो, कोई न कोई सुराग छोड़ ही जाता है। इस केस में असली ‘टर्निंग पॉइंट’ तब आया जब केतन की बहन को सिया गोयल पर शक हुआ। उसने हार नहीं मानी और पुलिस को दोबारा गहराई से जांच करने के लिए मजबूर कर दिया।

ज्योतिपति: (हैरान होकर) बहन का शक सही निकला! पर पुलिस को सुराग मिला कहाँ से?

ज्वाला: (आंकड़े समझाते हुए) काका, पुलिस ने जब स्थानीय सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालना शुरू किया, तो उन्हें एक अजीब और संदेहास्पद नजारा दिखा। 32 डिग्री की कड़कड़ाती गर्मी में एक आदमी हुडी (पूरी आस्तीन और टोपी वाला जैकेट) पहने घूम रहा था। बस, पुलिस का माथा ठनका! जब कड़ियाँ जोड़ी गईं, तो पता चला कि वो हुडी वाला शख्स कोई और नहीं, बल्कि सिया का प्रेमी चेतन चौधरी था। इसके बाद जब पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो सारा झूठ ताश के पत्तों की तरह ढह गया और दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

ज्योतिपति: (माथा सिकोड़ते हुए) हे भगवान! शादी से पहले ही ऐसा खूनी खेल? वैसे सोशल मीडिया और खबरों में तो सिया गोयल के कुछ अजीब बयान भी तैर रहे हैं ना?

ज्वाला: (व्यंग्य से हंसते हुए) अरे काका! सिया गोयल का वो बयान सुनेंगे तो आपका सिर घूम जाएगा। मीडिया और सोशल मीडिया पर सिया का कहना है कि केतन गंजा था इसलिए पसंद नहीं था और बोलते समय हकलाता था।आप बताइए ‘गंजा होना कोई मौत को दावत देना है। कहते हैं कि गंजे आदमी के पास खूब सारा पैसा होता है।’ मतलब देख रहे हैं काका, वो केतन के गंजेपन पर कैसा तंज कस रही थी! साथ ही सिया का यह भी दावा है कि उसने केतन को सगाई से पहले और सगाई के बाद भी साफ-साफ बोल दिया था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती। वह केतन के न मानने के बाद भी अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ ही रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती थी। मजेदार बात देखिए, अब दोनों जेल में हैं और एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं! सिया कह रही है कि मर्डर की पूरी प्लानिंग चेतन ने की थी, और चेतन का कहना है कि मास्टरमाइंड खुद सिया थी।

ज्योतिपति: (हैरान होकर) पर ये प्लानिंग हुई कहाँ थी? कुछ वीडियो भी तो सामने आ रहे हैं ना?

ज्वाला: बिल्कुल काका, अब रोज नए-नए वीडियो सामने आ रहे हैं। हाल ही में पुणे के एक नामी रेस्टोरेंट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें सिया और चेतन लगातार बैठकर गंभीर बातचीत करते दिख रहे हैं। रिपोर्ट्स का दावा है कि इसी रेस्टोरेंट की टेबल पर बैठकर इस खौफनाक हत्याकांड की स्क्रिप्ट लिखी गई थी। ये दोनों तो पहले भी लोहागढ़ किले का जायजा लेने और रेकी करने जा चुके थे।

ज्योतिपति: (गहरी सांस लेते हुए) इसका मतलब खेल बहुत पहले से रचा जा रहा था?

ज्वाला: (गंभीर लहजे में) बहुत खतरनाक खेल था, काका। सिया ने पुलिस के सामने कुबूला है कि वह एक बार पहले भी अकेले ही केतन को किले से नीचे धकेलने की कोशिश कर चुकी थी! लेकिन उस समय किस्मत अच्छी थी और केतन किसी तरह संभल गया और बच गया। जब पहला प्लान फेल हुआ, तो सिया ने चेतन को दोबारा बुलाया। दोनों ने किले में एक सुनसान जगह तय की। उन्होंने एक कोड वर्ड (संकेत) बनाया था—’झुकना’। जैसे ही तय जगह पर सिया झुककर इशारा करेगी, चेतन को धक्का मारना था। और हुआ भी यही; सिया के झुकते ही चेतन ने केतन को गहरी खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी जान चली गई।

ज्योतिपति: (दुखी होते हुए) बहुत विडंबना है भाई। आज की पीढ़ी रिश्तों की मर्यादा भूलकर अपराध के रास्ते पर निकल पड़ी है। परिवार के दबाव और जबरदस्ती के रिश्तों का अंत इतना खौफनाक होगा, किसी ने सोचा नहीं था।

ज्वाला: (मोबाइल बंद करते हुए) सही कहा काका। अब दोनों सलाखों के पीछे हैं, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि अगर परिवार सजग हो और पुलिस बारीकी से जांच करे, तो ‘हादसे’ के पीछे छिपा ‘हत्यारा’ कभी बच नहीं सकता। फिलहाल चौपाल से लेकर शहर तक, हर कोई इस खौफनाक साजिश की ही चर्चा कर रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article