किरंदुल में स्थानीय रोजगार को लेकर बीजेपी मंडल अध्यक्ष विजय सोढ़ी ने उठाई आवाज, बाहरी कंपनियों के रवैये पर जताई नाराजगी
किरंदुल न्यूज 25 जून 2026/रिपोर्ट – रवि सरकार
किरंदुल नगर में स्थानीय युवाओं, ठेकेदारों और व्यापारियों को रोजगार में प्राथमिकता दिए जाने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है,इसी कड़ी में किरंदुल बीजेपी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार सोढ़ी ने क्षेत्र में कार्यरत बाहरी कंपनियों के रवैये पर सवाल खड़े करते हुए अपना पुरजोर विरोध दर्ज कराया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कार्य कर रही समानता कंपनी,देव माइनिंग,एल एंड टी सहित अन्य बाहरी कंपनियों को सबसे पहले स्थानीय युवाओं, ठेकेदारों,व्यापारियों और मजदूरों को रोजगार एवं कार्य के अवसर प्रदान करने चाहिए।
बैलाडीला क्षेत्र के अनेक युवा आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग जैसी तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं,लेकिन उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
विजय सोढ़ी ने कहा कि वेल्डर, कटर,रिगर,ऑपरेटर,इंजीनियर, ऑफिस स्टाफ सहित विभिन्न पदों पर स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए,साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियां बाहरी ठेकेदारों को लाकर स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी कर रही हैं, जो क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय ठेकेदार हर प्रकार के कार्य को करने में सक्षम हैं और उन्हें कार्य आवंटन में प्राथमिकता मिलनी चाहिए,इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि इस पूरे विषय पर उनकी पैनी नजर है और यदि स्थानीय लोगों की लगातार उपेक्षा होती रही तो वे पत्राचार,जनप्रतिनिधियों से चर्चा एवं अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से अपना विरोध दर्ज कराएंगे ।
उन्होंने दोहराया कि बैलाडीला क्षेत्र के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार यहां के लोगों का है, इसलिए क्षेत्र में कार्यरत सभी कंपनियों को स्थानीय युवाओं, मजदूरों,व्यापारियों और ठेकेदारों को सर्वप्रथम प्राथमिकता देकर रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए।
स्थानीय रोजगार,स्थानीय ठेकेदारों को अवसर और क्षेत्रीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने की मांग को लेकर विजय कुमार सोढ़ी ने कड़ा विरोध दर्ज करते हुए कंपनियों से अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मांग की है।
- Advertisement -
- Advertisement -