बलरामपुर, 08 जून 2026
बलरामपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे मार्ग को ध्वस्त कर दिया और अवैध परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरन नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों को ग्रामीणों की मौजूदगी में विभिन्न स्थानों पर बंद कर नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान रेत एवं पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को पुलिस चौकी वाड्रफनगर एवं थाना बसंतपुर की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाना तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बलरामपुर जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


