रायपुर, 21 मई 2026
वन विभाग ने किया तत्काल सहायता राशि का वितरण मृतक परिजनों को 25,000 रुपये की तात्कालिक सहायता, शासन प्रावधान अनुसार क्षतिपूर्ति राशि भी की जाएगी प्रदान
वन विकास निगम परियोजना परिक्षेत्र रवान अंतर्गत मंगलवार को तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गए ग्रामीणों पर बायसन(जंगली गौर(के हमले में एक ग्रामीण की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बलौदाबाजार की वन विभाग टीम एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई।
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रवान द्वारा मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25,000 रुपये प्रदान की गई है। साथ ही शासन के प्रावधान अनुसार मृतक के परिवार को देय क्षतिपूर्ति राशि भी प्रदान की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बायसन के हमले में तीन ग्रामीण घायल हो गए। इस घटना में ग्राम गजराडीह निवासी देवेन्द्र साहू (उम्र 45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना में घायल अन्य दो ग्रामीणों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा है कि वन विभाग द्वारा लगातार ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा है तथा वन क्षेत्रों में सुरक्षा एवं सतर्कता बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
खबर अनुसार एक अन्य हमले में भी गोवा (पोंडा) में भी मई 2026 में एक होमगार्ड की बायसन के हमले में मौत हुई। जून 2025 में कोल्हापुर, महाराष्ट्र में एक किसान को भी गौर ने मार डाला था।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वन क्षेत्रों में जाते समय सावधानी बरतें एवं वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।


