बेमेतरा – 17/05/2026
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने बेमेतरा प्रवास के दौरान स्थानीय सर्किट हाउस परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
राज्यपाल श्री डेका ने उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। बदलते मौसम और बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां के नाम लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अमूल्य धरोहर साबित होगा।
उन्होंने जिला प्रशासन को जिलेभर में वृक्षारोपण अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों से भी अपील की कि वे विशेष अवसरों और मानसून के दौरान कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल विधानसभा नवागढ़, ईश्वर साहू विधायक साजा , दीपेश साहू विधायक बेमेतरा , कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, डीआईजी रामकृष्ण साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


