अवैध रेत ढुलाई और मुरुम उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, 3 वाहन जप्त
बेमेतरा 12/05/2026
अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बेमेतरा जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत से भरे दो वाहन और अवैध मुरुम उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन जप्त की है।
जानकारी के अनुसार 9 मई से 11 मई 2026 के बीच खनिज शाखा द्वारा ग्राम कड़रका और चन्दनू क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर दो वाहनों को जब्त किया गया। वहीं ग्राम बिरनपुर में बिना अनुमति मुरुम उत्खनन करते पाए जाने पर एक जेसीबी पर कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने तीनों वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अवैध रेत परिवहन के मामलों में करीब 57 हजार रुपये के अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अवैध मुरुम उत्खनन से जुड़े मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
- Advertisement -
- Advertisement -