नई दिल्ली, 4 अप्रैल 2026
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के विस्तार में तेजी आने की जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार मार्च 2026 से अब तक 3.42 लाख नए पीएनजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं, जबकि 3.7 लाख से अधिक नए पंजीयन दर्ज किए गए हैं।
मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देशित किया है कि वे घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में ईंधन की अनावश्यक खरीद या एलपीजी की बुकिंग न करें तथा डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें।
वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर ईरान में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर सरकार ने घरेलू एलपीजी और पीएनजी आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
आपूर्ति को संतुलित बनाए रखने के लिए रिफाइनरी उत्पादन बढ़ाने, शहरी क्षेत्रों में एलपीजी बुकिंग अंतराल 21 से बढ़ाकर 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक करने जैसे कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही 5 किलोग्राम के छोटे एलपीजी सिलेंडरों के वितरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिनकी मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
मंत्रालय ने वैकल्पिक ईंधनों जैसे पीएनजी, इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा बचत पर भी जोर दिया है। साथ ही जमाखोरी, डायवर्जन और अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और स्थिर है तथा आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।


