गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ
बेमेतरा, 16 मार्च 2026
जिले में किशोरियों को गर्भाशय कैंसर से बचाने और इससे होने वाली मृत्युदर को कम करने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।जिला चिकित्सालय स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की उपस्थिति में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।
राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया था। राज्य स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार अब यह अभियान छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत बेमेतरा जिले में भी 16 मार्च से इसकी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाडे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक निराला, डॉ. नीतेश चौबे, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. कोसरिया, अस्पताल प्रमुख सलाहकार डॉ. स्वाति यदु,जिला मीडिया प्रभारी संजय तिवारी ,प्रभारी मेट्रन आरती दत्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, किशोरी बालिकाएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि महिलाओं में होने वाले गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए भारत सरकार द्वारा एचपीवी वैक्सीन शुरू की गई है। इसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के साथ-साथ इससे होने वाली मातृ मृत्यु दर को कम करना है। जिले को राज्य वैक्सीन भंडार से एचपीवी वैक्सीन की 4783 डोज प्राप्त हुई हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय में शुरू किया गया है। इसके तहत वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है लेकिन 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे। टीकाकरण से पहले माता-पिता या अभिभावक की सहमति लेना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे विश्वभर में करोड़ों लोगों को लगाया जा चुका है। टीकाकरण के बाद हल्का दर्द, सूजन, लालिमा या हल्का बुखार जैसे सामान्य लक्षण हो सकते हैं, जो सामान्यतः 1-2 दिनों में ठीक हो जाते हैं।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यह टीका निःशुल्क उपलब्ध है और अभिभावक अपनी 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को जिला चिकित्सालय में लाकर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं।


