विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन की निगरानी के लिए आयोग का बड़ा कदम,विशेष पर्यवेक्षक आयोग को सौंपेंगे समीक्षा रिपोर्ट और सुझाव।
नई दिल्ली_14/02/2026
भारत के चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन की निगरानी के लिए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एनके मिश्रा को विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आयोग ने यह नियुक्ति शुक्रवार को की।
दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन पर जोर
नियुक्ति की जानकारी देते हुए अंडर सेक्रेटरी एमएल मीना ने निर्देश दिया है कि मिश्रा अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से संपन्न होनी चाहिए।
राज्य दौरे कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा
निर्देशों के अनुसार, मिश्रा समय-समय पर पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन की प्रगति, मतदान से जुड़ी तैयारियों तथा वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। वे आवश्यक कार्रवाई के लिए आयोग को अपने सुझाव और रिपोर्ट भी सौंपेंगे।
उनके सभी दौरे राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के साथ समन्वय में होंगे। आवश्यक सुविधाएं और प्रोटोकॉल व्यवस्था मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशंसा पत्र जारी करने पर सख्त रोक
चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विशेष पर्यवेक्षक के रूप में कार्य करते समय या उसके पश्चात मिश्रा किसी भी मतदाता पंजीकरण अधिकारी या अन्य चुनाव अधिकारी को सीधे प्रशंसा पत्र जारी नहीं करेंगे। यदि किसी अधिकारी की सराहना आवश्यक प्रतीत होती है, तो उसके लिए कारण सहित प्रस्ताव आयोग को भेजना होगा।
मतदाता सूची संशोधन की समय-सीमा
मतदाता सूची के प्रारूप पर दावों और आपत्तियों की सुनवाई की विस्तारित समय-सीमा शनिवार को समाप्त हो जाएगी। प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच 21 फरवरी तक जारी रहेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही दिसंबर से चल रहा विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन कार्य पूर्ण हो जाएगा।
(इनपुट: आईएएनएस)


