फिल्म निर्माता मोहित साहू पर गर्लफ्रेंड से बेरहमी से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल। जनचौपाल36/चौपालसेचौपाटीतक (स्क्रीन इमेज सांकेतिक)
रायपुर | 23 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फिल्म निर्माता व निर्देशक मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता को लहूलुहान हालत में देखा जा सकता है।
मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट (ब्लॉक-410) का बताया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि मोहित साहू उसे उज्जैन ले गया, जहां दोनों के बीच विवाह हुआ। बाद में मोहित ने अपनी दूसरी शादी होने की बात कहकर इस रिश्ते से इनकार कर दिया।
पीड़िता के अनुसार जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया, तो मोहित साहू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में वह किसी तरह पुरानी बस्ती थाने पहुंची, जहां उसने अपनी आपबीती पुलिस को बताई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान फ्लैट के भीतर खून के निशान और टूटी हुई कुंडी मिली है, जिससे मारपीट की पुष्टि होती है। पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया गया है कि घटना के समय कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड और स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि मामला दबाने के लिए मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगी, ताकि विवाद को अंदर ही निपटा लिया जाए।
फिलहाल इस पूरे मामले में मोहित साहू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


