स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज रायपुर के 120 सीटर छात्रावास का किया उद्घाटन।
रायपुर, 14 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के 120 सीटर अनुबंधित छात्र–छात्रावास का विधिवत उद्घाटन किया। शांति नगर क्षेत्र में निर्मित इस छात्रावास के प्रारंभ होने से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को आवास संबंधी सुविधाओं में उल्लेखनीय राहत मिलेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह नया अनुबंधित छात्रावास छात्रों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि होगी। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि मेडिकल कॉलेज के स्थायी छात्रावास का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
इस छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और सुव्यवस्थित कमरे, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विशेष रूप से दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। छात्रों ने कहा कि अब उन्हें रहने की चिंता से मुक्ति मिली है और वे बेहतर वातावरण में अध्ययन एवं चिकित्सकीय प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण के विधायक श्री सुनील सोनी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, छात्र एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मेडिकल छात्रों को बड़ी सौगात: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर मेडिकल कॉलेज के 120 सीटर छात्रावास का किया उद्घाटन


