30 दिसंबर तक जमा होंगी प्रविष्टियाँ, विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच और आकर्षक पुरस्कार।
रायपुर, 11 दिसंबर 2025।
नवा रायपुर में जनवरी 2026 में होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव से पहले प्रदेश के सभी जिलों में महाविद्यालयीन छात्र–छात्राओं के लिए कहानी एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में साहित्य सृजन की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।
प्रत्येक जिले में प्रतियोगिता का संचालन करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी अपनी मौलिक, अप्रकाशित और टंकित कहानी या कविता 30 दिसंबर 2025 तक संबंधित जिले के नोडल अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकेंगे। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियाँ शामिल नहीं की जाएँगी।
जिला स्तर पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे और प्रथम स्थान प्राप्त प्रविष्टियाँ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजी जाएँगी। राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कहानी और कविता की घोषणा रायपुर साहित्य उत्सव (23–25 जनवरी 2026) में की जाएगी, जहाँ विजेताओं को मुख्य मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार राशि
जिला स्तर:
प्रथम पुरस्कार : ₹5,100
द्वितीय पुरस्कार : ₹3,100
तृतीय पुरस्कार : ₹1,500
तीन प्रोत्साहन पुरस्कार : ₹1,000-₹1,000
राज्य स्तर:
प्रथम पुरस्कार : ₹21,000
द्वितीय पुरस्कार : ₹11,000
तृतीय पुरस्कार : ₹7,000
तीन प्रोत्साहन पुरस्कार : ₹5,100-₹5,100
कविता न्यूनतम 8 छंदों की और कहानी 1200 शब्दों के भीतर होनी चाहिए। प्रतिभागी किसी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय का विद्यार्थी हो तथा उसकी आयु 40 वर्ष से कम हो। प्रविष्टि के साथ संस्थान का परिचय पत्र या प्राचार्य का प्रमाणपत्र अनिवार्य है।
जिला और राज्य स्तर पर चयनित कहानियों एवं कविताओं का विशेष संकलन प्रकाशित किया जाएगा, जिसका विमोचन रायपुर साहित्य उत्सव के मंच पर किया जाएगा।
लिफाफे या प्रविष्टि के प्रारंभ में “युवा हिंदी कविता–कहानी लेखन प्रतियोगिता” अंकित करना अनिवार्य है।


