प्रधानमंत्री के अनुसार मुद्रा योजना के तहत अब तक करीब 37 लाख करोड़ रुपये के बिना गारंटी वाले लोन दिए जा चुके हैं, जबकि लगभग 78,000 करोड़ रुपये का निष्क्रिय धन विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को लौटाया गया है।
नई दिल्ली, 07 दिसंबर 2025
नई दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था के “ग्लोबल ग्रोथ इंजन” के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री के अनुसार चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 8 प्रतिशत से अधिक रही, जबकि वैश्विक वृद्धि लगभग 3 प्रतिशत और G7 देशों की वृद्धि दर करीब 1 से 1.5 प्रतिशत के बीच रही। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत इस समय “हाई ग्रोथ और लो इन्फ्लेशन” का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति का आधार देश की क्षमता, संकल्प और चुनौतियों का समाधान खोजने की योग्यता है। उन्होंने बताया कि सरकार का फोकस उन क्षेत्रों और समूहों पर है जिनकी क्षमता का दशकों तक पर्याप्त उपयोग नहीं हो सका, जैसे पूर्वी भारत, उत्तर‑पूर्व, छोटे शहर, महिलाएं, युवा और अंतरिक्ष क्षेत्र। वर्ष 2025 को उन्होंने सुधारों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए नई पीढ़ी के GST ढांचे और नए डायरेक्ट टैक्स सिस्टम का उल्लेख किया, जिसके तहत लगभग 12 लाख रुपये तक की आय पर कर देनदारी समाप्त हो गई है।
ऊर्जा, उद्योग और भरोसे‑आधारित शासन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि 2014 में देश की सौर ऊर्जा क्षमता करीब 3 गीगावॉट थी,अब 130 गीगावॉट तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत वाराणसी में 26,000 से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप लगाए गए हैं और मोबाइल फोन उद्योग में आयात‑निर्भरता लगभग समाप्त हो चुकी है, जिससे भारत महत्वपूर्ण विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरा है।


