नई दिल्ली_02/12/2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका लोकतांत्रिक समाजवादी गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम अनुरा कुमार दिसानायके से टेलीफोन पर वार्ता की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने चक्रवात दित्वाह से श्रीलंका में हुई जान-माल की भारी हानि और व्यापक विनाश पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत का पूरा समर्थन और एकजुटता श्रीलंका के लोगों के साथ है।
राष्ट्रपति दिसानायके ने भारत की आपदा के समय त्वरित और प्रभावी सहायता के लिए अपनी गहरी कृतज्ञता जताई और बचाव दलों तथा राहत सामग्री की तत्काल तैनाती की प्रशंसा की। उन्होंने भारत की समय पर जवाबी कार्रवाई के लिए श्रीलंका की जनता की ओर से भी धन्यवाद दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका को भारत द्वारा निरंतर समर्थन देने का आश्वासन दिया। ऑपरेशन सागर बंधु के अंतर्गत संकटग्रस्त लोगों को बचाव और राहत प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत, अपने महासागर विज़न और “फर्स्ट रिस्पॉन्डर” के रूप में अपनी भूमिका के अनुरूप, श्रीलंका के पुनर्वास, सार्वजनिक सेवाओं की पुनर्स्थापना तथा प्रभावित क्षेत्रों में आजीविका बहाल करने के प्रयासों में हर संभव मदद करेगा।दोनों नेताओं ने निकट संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।


