रायपुर/बलौदा बाजार, 15 नवंबर।
सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को बलौदा बाजार जिले के ग्राम अर्जुनी में धान खरीदी केंद्र का पूजा–अर्चना कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ का किसान प्रदेश की जीवनधारा है। मेहनतकश अन्नदाता ही हमारी अन्न–शक्ति है और उन्हीं की तपस्या से देश का अन्न–भंडार सुरक्षित रहता है।”
सांसद बृजमोहन ने अर्जुनी के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वे “राज्य की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और गौरव के शिल्पकार” हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में तौल, भुगतान, परिवहन और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं बिना किसी परेशानी के संचालित हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता सदैव किसान, गांव और कृषि रही है। MSP पर पारदर्शी खरीदी, समय पर भुगतान और बोनस जैसे निर्णय इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।कार्यक्रम में उन्होंने सहकारी समिति भवन के लिए 10 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की। बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


