बेमेतरा, 14 अक्टूबर 2025
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री रामकृष्ण साहू (आईपीएस) ने जिला पुलिस कार्यालय बेमेतरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित समय सुबह 10 बजे तक सभी अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए समयपालन के महत्व पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और शिकायतकर्ताओं से संयमित एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी साहू ने कहा कि पुलिस कार्यालयों व थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से मधुर संबंध और संवेदनशीलता पुलिस की छवि को बेहतर बनाएगी। अधिकारी-कर्मचारी जनता की बातों को धैर्यपूर्वक सुनें और तुरंत कार्रवाई करें ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
सभी शाखा प्रभारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि रजिस्टर और रिकॉर्ड पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत और अद्यतन रखें। वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त ऑनलाइन शिकायतों और पत्रों का समय पर जवाब भेजना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबित फाइलें, वारंट, बिल, अवकाश और पेंशन जैसे सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जमीन संबंधी प्रकरणों में तत्काल राजस्व विभाग को पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के अंत में एसएसपी साहू ने सभी शाखा प्रमुखों के कार्यों की समीक्षा की और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग और प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को खुद को सक्षम और अपडेट रखना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट लिए जाएं और विभागीय पेंडिंग मामलों की शीघ्र समीक्षा कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।


