स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने दी हरी झंडी, 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान
रायपुर, 12 अगस्त 2025 | JANCHOUPAL 36
छत्तीसगढ़ में HIV/AIDS की रोकथाम और जागरूकता बढ़ाने के लिए आज अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की गई।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ. खेमराज सोनवानी सहित राज्य कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. सोनवानी ने बताया कि यह अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा और राज्य के 19 सर्वाधिक प्रभावित जिलों में विशेष गतिविधियां होंगी। प्रचार-प्रसार वाहन, कला जत्था, नृत्य, संगीत, प्रहसन, रैलियां और शहरी-स्लम बस्तियों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश में 29 हजार लोग HIV के साथ जी रहे स्वस्थ जीवन
प्रदेश में वर्तमान में 29 हजार व्यक्ति HIV के साथ स्वस्थ जीवन जी रहे हैं, जिन्हें राज्य के आठ एआरटी सेंटर से नि:शुल्क उपचार दिया जा रहा है। संक्रमण दर में कमी आई है और गर्भवती महिला से बच्चों में संक्रमण लगभग शून्य हो गया है।
5000 ग्राम पंचायतों में काउंसलिंग, 74 स्वास्थ्य शिविर।
अभियान अवधि में 74 इंटिग्रेटेड हेल्थ कैम्प लगाए जाएंगे, जिनमें डायबिटीज, रक्तचाप, हेपेटाइटिस, टीबी और HIV की स्क्रीनिंग होगी। राज्य की 5000 ग्राम पंचायतों में काउंसलिंग सत्र होंगे और 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाओं में भेदभाव खत्म करने की शपथ दिलाई जाएगी।


