नई दिल्ली, 11 अगस्त 2025
— Janchoupal 36 (मीडिया सूत्र)
वोट चोरी और बिहार एसआईआर मामले को लेकर आज कई विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग तक पैदल मार्च करने का प्रयास किया। पुलिस ने बीच रास्ते में ही मार्च रोक दिया और नेताओं को हिरासत में ले लिया।
मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के नेता शामिल थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार करते नजर आए। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ताली बजाकर प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाती रहीं, जबकि राहुल गांधी नारे लगाते और समर्थकों का हौसला बढ़ाते दिखाई दिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पैदल मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं विपक्ष का कहना है कि वे चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे।
हिरासत में लिए गए नेताओं में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित कई सांसद शामिल हैं।
मार्च के दौरान टीएमसी की एक महिला सांसद की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई।
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी ने लिखा —
“300 सांसद चुनाव आयोग से मिलकर एक दस्तावेज देना चाहते थे, लेकिन हमें रोक दिया गया। यह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। हम साफ-सुथरी वोटर लिस्ट का अधिकार लेकर रहेंगे।”
अखिलेश यादव के बैरिकेडिंग पार करने और पुलिस से बहस के वीडियो, साथ ही प्रियंका गांधी के संबोधन, पूरे दिन समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे।
वोट चोरी के आरोप पर विपक्ष का पैदल मार्च, पुलिस ने रोका और हिरासत में लिया


