जन चौपाल 36 की नजर: विकास के लिए खाली खजाना, फिर ‘फ्रीबीज’ के लिए कहां से आता है !फंड?
बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की ओर से फंड की कमी का हवाला दिए जाने पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मामले की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने सरकार के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई और साफ शब्दों में कहा कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास करने में असमर्थ है, तो इसे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपने पर विचार किया जाना चाहिए।
छत्तीसगढ़ सरकार
फंड की कमी के तर्क पर कोर्ट की नाराजगी:-जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान शासन की तरफ से एयरपोर्ट विस्तार और नाइट लैंडिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के काम में देरी के पीछे बजट और फंड की कमी का तर्क रखा गया। इस पर हाईकोर्ट ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि अंचल की जनता लंबे समय से बेहतर हवाई सेवाओं का इंतजार कर रही है, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल संसाधनों की कमी बताकर विकास कार्यों को अनिश्चितकाल के लिए नहीं टाला जा सकता।
आम जनता से जुड़ा है सीधा सरोकार
बिलासपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए हवाई सेवा केवल सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा के विकास की बड़ी जरूरत बन चुकी है। नाइट लैंडिंग की सुविधा न होने और रनवे विस्तार अटकने के कारण कई बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू नहीं हो पा रही हैं, जिसका सीधा खामियाजा स्थानीय यात्रियों को उठाना पड़ रहा है।
21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को इस मामले में ठोस कार्ययोजना और स्पष्ट जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई अब 21 दिसंबर को तय की गई है, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी रहेंगी।
जनचौपाल 36 की नजर
हाईकोर्ट की इस सख्त टिप्पणी ने एक बार फिर उस कड़वे सच और दोहरे मापदंड को उजागर कर दिया है, जिससे आज देश के लगभग हर राज्य की व्यवस्था जूझ रही है। जब बात एयरपोर्ट विस्तार, सड़क, अस्पताल या बुनियादी ढांचे के विकास की आती है, तो सरकारों के पास ‘फंड की कमी’ का रेडीमेड बहाना तैयार रहता है।
लेकिन सवाल यह उठता है कि जब खजाना खाली है, तो फिर चुनाव आते ही या सत्ता में बने रहने के लिए मुफ्त की योजनाओं (फ्रीबीज) की झड़ी कैसे लग जाती है? क्या सरकारों की तिजोरी में कोई अलग से ‘फ्रीबीज फंड’ होता है, जो सिर्फ लोकलुभावन घोषणाओं के वक्त ही खुलता है? दरअसल, यह सारा पैसा आम जनता के टैक्स का ही है। फर्क सिर्फ प्राथमिकता का है—दूरगामी विकास के बजाय तात्कालिक वोट बैंक को साधने की नीति के चलते ही आज बुनियादी सुविधाओं को बजट के लिए तरसना पड़ रहा है।
