मंगलवार – 24 नवंबर 2026
चौपाल में आज फिर जमे ज्योतिपति और ज्वाला सिंह। एक के हाथ में अखबार, दूसरे के हाथ में चाय का कुल्हड़। बात शुरू हुई देश से और पहुँच गई छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान तक।
ज्वाला सिंह: अरे ज्योतिपति, आज अखबार में तो भारत का डंका बज रहा है। कह रहे हैं एशिया में भारत तीसरे नंबर पर टिक गया है।
ज्योतिपति: हाँ ज्वाला, और ये ऐसे ही नहीं हुआ। Lowy Institute की एशिया पावर इंडेक्स में भारत को 40.5 अंक मिले हैं। पिछले साल 40 थे, इस बार 0.5 बढ़ गए। जापान और रूस को पीछे छोड़ दिया है।
ज्वाला सिंह: आगे कौन है फिर?
ज्योतिपति: पहला अमेरिका – 78.9 अंक, दूसरा चीन – 73.6 अंक। फिर हम, फिर जापान चौथे, रूस पाँचवें पर। पाकिस्तान तो 16वें पर है, 15 अंक के साथ।
ज्वाला सिंह: ताकत सिर्फ फौज से नहीं, पैसे से भी आती है। सुना है 2027 में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा?
बाजार सोना चांदी
ज्योतिपति: बिल्कुल। अभी अमेरिका, चीन, जर्मनी आगे हैं। कह रहा है 2027 में भारत जापान को पीछे छोड़ देगा। और देखो, सोना-चांदी का हाल भी देखो। पिछले हफ्ते क्रैश हुआ था, सोमवार को फिर चमक गया।
ज्वाला सिंह: हाँ, शादी का सीजन है ना। सोना करीब 3000 रुपये चढ़कर 1.25 लाख प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी 5000 से ज्यादा चढ़कर 1.53 लाख प्रति किलो के पार।
ज्योतिपति: फिर भी हाई से अभी सस्ती है। चांदी जनवरी में 4,20,048 रुपये तक गई थी। वहाँ से अभी भी करीब 2.67 लाख सस्ती है। खरीदारों के लिए यही मौका है।
राष्ट्रीय राजनीति
ज्वाला सिंह: अब राजनीति की सुनाओ। बिहार से क्या खबर है?
ज्योतिपति: बिहार में नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने का मामला गरमा गया है। प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर लगे थे उद्घाटन के लिए। उद्घाटन होते ही RJD कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर फाड़ दिए।
ज्वाला सिंह: फिर तो पुलिस चुप नहीं बैठी होगी।
ज्योतिपति: वैशाली के राघोपुर, रुस्तमपुर थाने में FIR हो गई। 11 नामजद और 100-150 अज्ञात लोगों पर केस। तीन लोग गिरफ्तार भी हो गए। BDO की शिकायत पर कार्रवाई हुई है।
ज्वाला सिंह: देखो भाई, विरोध अपनी जगह, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति और पोस्टर फाड़ना, ये क्या उचित है। राजनीति में भी मर्यादा रहनी चाहिए।
खाने-पीने में लापरवाही नहीं
ज्योतिपति: अब एक खबर पानी वाली है, ज्वाला। देश का सबसे चर्चित ब्रांड बिसलेरी फंस गया है।
ज्वाला सिंह: अरे, बिसलेरी? हम तो रोज वही पीते हैं। क्या हुआ?
ज्योतिपति: ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। गोवा के प्लांट से लिए नमूने में ब्रोमेट सीमा से ज्यादा मिला। दोबारा जांच में PAHs भी मिले। कंपनी कह रही है पानी सुरक्षित है, लेकिन नियामक ने नमूना असुरक्षित घोषित किया है।
ज्वाला सिंह: ब्रोमेट क्या होता है?
ज्योतिपति: पानी साफ करने में ओजोन के इस्तेमाल से बन जाता है। ज्यादा मात्रा में सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता। पहले एवरेस्ट जीरा, गोकुल घी भी जांच में आए थे। मतलब अब खाने-पीने में लापरवाही नहीं चलेगी।
खबर छत्तीसगढ़
ज्वाला सिंह: सही बात है। और इसी से जुड़ी एक और सामाजिक खबर है। रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है – मानव तस्करी और घरेलू हिंसा को सामान्य घटना समझकर नजरअंदाज मत करो।
ज्योतिपति: हाँ, महिला आयोग की कार्यशाला में बोले। तस्करी अब सिर्फ ले जाने तक नहीं, अंगों की मांग तक पहुँच गई है। कानून सख्त हो, एजेंसियां सक्रिय हों और समाज भी जागे, तभी रुकेगी।
ज्वाला सिंह: अब अपने प्रदेश की सुनाओ। धान की क्या स्थिति है?
ज्योतिपति: धमतरी में प्रशासन ने अवैध धान पर शिकंजा कस दिया है। अब तक 32 प्रकरण में 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त हुआ है। ओडिशा सीमा पर बोराई, बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट लगे हैं।
ज्वाला सिंह: मतलब दूसरे राज्य का धान लाकर यहाँ समर्थन मूल्य पर खपाने वालों की खैर नहीं।
ज्योतिपति: बिल्कुल। पाँच विभागों की संयुक्त टीम जांच कर रही है। मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई हो रही है। किसान हितैषी व्यवस्था के लिए यही जरूरी है।
ज्वाला सिंह: और खेल की खबर?
ज्योतिपति: कांकेर में 23 और 24 नवंबर को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक हो रहा है। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, रस्साकसी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कराते, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स – कुल 11 खेल। 23 को जूनियर, 24 को सीनियर वर्ग।
ज्वाला सिंह: वाह! बस्तर के बच्चों को बड़ा मंच मिल रहा है। नरहरदेव स्कूल मैदान, मिनी स्टेडियम और कन्या क्रीड़ा परिसर में मुकाबले होंगे।
खबर सार – देश ताकत में आगे, अर्थव्यवस्था में आगे, राजनीति में मर्यादा जरूरी, पानी और समाज में जागरूकता जरूरी, और प्रदेश में किसान और खिलाड़ी दोनों मैदान में।
