भीषण सड़क हादसा: पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के चार चचेरे भाई-बहनों की मौत

Must read

 मध्य प्रदेश :  धार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। कानवन थाना क्षेत्र के कोद-बिडवाल मार्ग पर बिलकेश्वर महादेव मंदिर के सामने पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग लड़कियां और एक 20 वर्षीय युवक शामिल है। चारों आपस में चचेरे भाई-बहन थे।

एक ही बाइक पर सवार थे चारों, जागरण में जा रहे थे

मृतकों की पहचान आनंदी (16), अक्षरा उर्फ भूरी (14), सुहाना (12) और शुभम (20) के रूप में हुई है। सभी धार जिले के ग्राम पांदा के निवासी थे।

जानकारी के मुताबिक, चारों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम पांदा से शंकरपुरा जा रहे थे। वहां उनकी बड़ी बहन के घर रात्रि जागरण का कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान कोद-बिडवाल मार्ग पर बिलकेश्वर महादेव मंदिर के सामने सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल बदनावर पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

पिकअप चालक हादसे के बाद फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के बाद कानवन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। बताया गया है कि पिकअप वाहन का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

ACP ने की हादसे की पुष्टि

धार ACP पारुल बेलापुरकर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कोद-बिडवाल मार्ग पर पिकअप और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में बाइक सवार चारों लोगों की मौत हुई है। सभी ग्राम पांदा के रहने वाले और आपस में चचेरे भाई-बहन थे। वे शंकरपुरा में रात्रि जागरण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article