जन चौपाल 36 को मिली जानकारी के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के अंतर्गत भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति, लोकनृत्य और आदिवासी विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आयोजन की अध्यक्षता करेंगे।
रायपुर। शाम 5 बजे से शुरू होगा सांस्कृतिक समारोह भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सात प्रमुख लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक जीवनशैली को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस दौरान गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। इन लोकनृत्यों के जरिए देश-विदेश से पहुंचे दर्शकों को छत्तीसगढ़ की कला, आस्था और सामाजिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
सात लोकनृत्यों में दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान
छत्तीसगढ़ के प्रत्येक लोकनृत्य की अपनी अलग पहचान और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। गौरा-गौरी नृत्य में भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना का भाव नजर आएगा।
भोजली नृत्य प्रकृति, कृषि और फसल के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है। वहीं राउत नाचा यादव समाज की पारंपरिक विरासत, शौर्य और उत्सवधर्मिता का प्रतीक है। सुआ नृत्य के जरिए महिलाओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति देखने को मिलेगी।
इसी तरह पंथी नृत्य सतनामी समाज की आध्यात्मिक चेतना और संत परंपरा को प्रदर्शित करेगा, जबकि करमा नृत्य में जनजातीय समाज का सामूहिक उत्साह और प्रकृति से जुड़ाव दिखाई देगा।
पारंपरिक परिधानों और वाद्ययंत्रों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
कार्यक्रम में कलाकार पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक श्रृंगार के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लोकवाद्यों की मधुर धुन, पारंपरिक संगीत और नृत्य की लय दर्शकों को छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय परिवेश से परिचित कराएगी।
आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत को देशभर के लोगों तक पहुंचाना भी है।
चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल अनुभव होगा खास आकर्षण
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा दर्शकों को बस्तर के विश्वविख्यात चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से लोग दिल्ली में रहते हुए छत्तीसगढ़ के इस प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल की खूबसूरती का आभासी अनुभव कर सकेंगे।
इस पहल से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा और पर्यटन संभावनाओं को भी व्यापक मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से विमान के जरिए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शाम 6 बजे भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में निर्धारित है। इस आयोजन के जरिए राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपराओं और पर्यटन को नई पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
