खम्हरिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर धारदार वस्तु और पत्थर से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घिवरी निवासी महेन्द्र निर्मलकर ने थाना खम्हरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 सितंबर 2026 की रात वह जीवन लोधी और यशवंत उर्फ गोलू के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
ग्राम खाती स्थित सेवा सहकारी समिति के सामने मोटरसाइकिल रोककर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि जीवन लोधी ने धारदार वस्तु और पत्थर से तथा यशवंत उर्फ गोलू ने हाथ-मुक्के से हमला किया।
घायल महेन्द्र को ग्रामीणों की मदद से डायल-112 के माध्यम से जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया।
रिपोर्ट पर थाना खम्हरिया में धारा 109(1), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय और टीम ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान यशवंत उर्फ गोलू निर्मलकर (27 वर्ष), निवासी घिवरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने जीवन लोधी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
प्रकरण में फरार आरोपी जीवन लोधी की तलाश जारी है तथा मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश चौहान सहित थाना खम्हरिया स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।