रायपुर | 26 दिसंबर 2025
नगर पंचायत बोड़ला में आयोजित चार दिवसीय मुस्कान हॉकी कप राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सहभागिता कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बोड़ला की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ममतेश्वरी लहरे, राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिशा साहू, कोच श्री चौहान सहित अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से जिले, प्रदेश और देश को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
अपने संबोधन में श्री शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला की बेटियाँ आज हॉकी के माध्यम से देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो कबीरधाम जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। ऐसी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि बोड़ला में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है तथा खिलाड़ियों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं ताकि आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर बोड़ला को हॉकी के एक मजबूत केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके। साथ ही, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधाएँ भी शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि बोड़ला क्षेत्र हॉकी सहित विभिन्न खेलों की प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है और मुस्कान हॉकी कप जैसी प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और लक्ष्यबद्धता का संचार हुआ है।


