सांसद खेल महोत्सव में बृजमोहन अग्रवाल_खेल उज्ज्वल भविष्य का द्वार:
बलौदा बाजार-भाटापारा, 14 अक्टूबर।
राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय सिमगा में मंगलवार को सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव के विकासखंड स्तरीय फाइनल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। हजारों खिलाड़ियों की उपस्थिति और उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को खेलों के महापर्व में बदल दिया।
कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष वर्गों की कुश्ती, खो-खो, गेड़ी दौड़, फुगड़ी, रस्सा-कसी, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी और शतरंज जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियानों ने पारंपरिक खेलों के पुनर्जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि आज खेल सिर्फ शारीरिक फिटनेस नहीं बल्कि उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन चुका है।
सांसद ने बताया कि सिमगा क्षेत्र में 12 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत करने के साथ ही वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जिन्होंने देश-प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसी अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय परिसर में 5 नए कक्षों के निर्माण हेतु 25 लाख रुपए की घोषणा की और खेल मैदान की सुरक्षा के लिए चारदीवारी हेतु वार्बेड वायर लगाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री शिव रतन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आनंद यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. दौलत रामपाल अनिल पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित रहे। सांसद अग्रवाल ने समापन पर कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं, खेल भावना और अनुशासन उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में अग्रसर करते हैं।


