रायपुर, 25 दिसंबर।
सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में 29 अगस्त से आयोजित रायपुर सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन छत्तीसगढ़ के निर्माता, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती “सुशासन दिवस” के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मंडावीया जी ने वर्चुअल माध्यम से आयोजन से जुड़कर खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और आत्मविश्वास में उन्हें सशक्त भारत का भविष्य दिखाई देता है।
सांसद खेल महोत्सव आज केवल आयोजन नहीं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा एक जनआंदोलन बन चुका है।
इस महोत्सव में 13 खेल विधाओं—कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, शतरंज, तैराकी, भारोत्तोलन, रस्सा-कसी, रस्सी कूद, फुगड़ी, गेड़ी-दौड़ एवं शरीर शौष्ठव—में 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने सहभागिता की। अकेले रायपुर शहर से लगभग 22 हजार खिलाड़ी शामिल हुए। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक समरसता रही, जिसमें छोटे बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक की महिलाओं तथा ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की सहभागिता शामिल रही। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच का प्रतिबिंब है, जिसमें खेलों के माध्यम से युवाओं को फिट, अनुशासित और नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस सफल आयोजन के लिए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के श्रेष्ठ खिलाड़ी प्राप्त होंगे।
समारोह में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


