न्यूज आर्टिकल/14 नवंबर 2026
आजकल समाज में राम और कृष्ण को लेकर अक्सर वाद-विवाद देखने को मिलते हैं कि कौन श्रेष्ठ है या दोनों में क्या भेद है। लेकिन जब हम गहराई से दर्शन और अध्यात्म की इन परतों को टटोलते हैं, तो यह समझ आता है कि दर्शन में ना कोई अलग राम है और ना ही कोई अलग कृष्ण—वहाँ केवल आत्मा और परमात्मा का मिलन है, और वह परम शक्ति केवल विष्णु हैं।
👉 इतिहास, विज्ञान और धर्म की यात्रा
यदि हम दार्शनिक दृष्टि से विचार करें, तो हमारा बीता हुआ कल इतिहास है, जो हमारे जीवन का सच्चा आईना है; और हमारा आने वाला कल एक विज्ञान है, जिसे हम भविष्य की दूरबीन से देखने का प्रयास करते हैं।
आज विज्ञान हमारे जीवन का मुख्य अंग बन चुका है, और हम एक वैज्ञानिक युग में जी रहे हैं। ठीक वैसे ही, विज्ञान के इस दौर से पहले, मानव पूरी तरह धर्म में जी रहा था।
आज वही धर्म, विज्ञान के नए रूप में हमारे सामने है। विज्ञान में भी आज धार्मिकता और आस्था का भाव गहराई से समाया हुआ है—यही कारण है कि आज का अंतरिक्ष यात्री या चंद्रयान भेजने वाला वैज्ञानिक भी किसी अज्ञात अदृश्य शक्ति के आगे नतमस्तक होता है। संसार में ऐसा कोई मनुष्य नहीं है जो कभी-कभी किसी सर्वोच्च शक्ति को याद न करता हो।
👉 एक ही चेतना के अलग-अलग रूप: राम और कृष्ण
जब हम इतिहास के पन्नों को पलटते हैं, तो हमें ज्ञात होता है कि जय और विजय को मिले शाप के कारण तीन जन्म हुए—हिरण्याक्ष-हिरण्यकशिपु, रावण-कुंभकर्ण, और शिशुपाल-दन्तवक्र। इन सभी का वध प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भगवान विष्णु के द्वारा ही किया जाता है।
हम अक्सर राम को अलग और कृष्ण को अलग समझ लेते हैं, जबकि दोनों ही रूप विष्णु के हैं:
भगवान राम का प्राकट्य: शास्त्रों में आता है कि जब माता कौशल्या के सामने बालक प्रकट हुआ, तो वह सामान्य बच्चा नहीं, बल्कि चतुर्भुज रूप में शंख, चक्र, गदा और पद्म धारण किए हुए साक्षात विष्णु थे। माता भयभीत हुईं, लेकिन तब लोक-लज्जा और ममता के वशीभूत होकर उन्होंने कहा— “भये प्रगट कृपाला दीन दयाला, कौशल्या हितकारी।” एक माँ की ममता ने भगवान से प्रार्थना की कि वे सामान्य शिशु की तरह लीला करें, और इस प्रकार मर्यादा पुरुषोत्तम राम का प्राकट्य हुआ।
भगवान कृष्ण का प्राकट्य: ठीक इसी प्रकार, जब कारागार में माता देवकी के सामने बालक ने जन्म लिया, तो वे भी साक्षात भगवान विष्णु ही थे। भये प्रकट गोपाला दीनदयाला।विष्णु मायापति हैं, और उनकी ही माया से वह रूप प्रकट हुआ जो आगे चलकर कृष्ण कहलाया।
शास्त्रों और दर्शन के स्तर पर यह बिल्कुल स्पष्ट है कि ना राम अलग हैं और ना कृष्ण—दोनों एक ही महाचेतना, भगवान विष्णु के स्वरूप हैं।
👉इतिहास के झरोखे से:विष्णु वृद्धि गोत्र वाकाटक वंश और साहित्य
यदि हम इस तर्क को इतिहास की कसौटी पर कसें, तो प्राचीन काल में ‘विष्णु वृधि गोत्र’ का उल्लेख मिलता है, जिसने 256 ईस्वी से 512 ईस्वी तक वाकाटक वंश की स्थापना कर देश के विदर्भ छत्तीसगढ़ दक्षिण और गुजरात काठियावाड़ तक शासन का उल्लेख है। इतिहास के पन्नों में उन्हें “दक्कन का शेर” कहा गया है।
इतिहास यह भी गवाही देता है कि उन्होंने चार अश्वमेघ यज्ञ किए थे, और उनके ही परिवार में विक्रमादित्य की बहन का विवाह हुआ था।शायद विक्रमादित्य के कारण ही विक्रम संवत है।उसी वंश के एक प्रबुद्ध साहित्यकार राजा ने मराठी भाषा में सेतुबंध और रावणवहो जैसे ग्रंथों की रचना की। उसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि राम कोई साधारण मनुष्य नहीं, बल्कि स्वयं विष्णु हैं।
👉 संकल्प का तीसरा विष्णु और आकाश-समुद्र का रहस्य
जब हम इतिहास के पन्नों से निकलकर वर्तमान में आते हैं, तो हम हर धार्मिक अनुष्ठान या संकल्प के समय पंडित और यजमान के मुख से सुनते हैं— “ॐ विष्णवे नमः, ॐ विष्णवे नमः, ॐ विष्णवे नमः” (तीन बार विष्णु का उच्चारण)।
दो विष्णु तो हमें राम और कृष्ण के रूप में ज्ञात हो जाते हैं, लेकिन तीसरा विष्णु कौन है और कहाँ है?
जब हम इस गूढ़ अध्यात्म में उतरते हैं, तो दुर्गा सप्तशती का यह श्लोक गूँज उठता है— “विष्णुमायेति शब्दिता” (अर्थात वह महाशक्ति ही शब्द रूप में विराजमान है)।
आज के समय में शब्द ही विष्णु है। आज भी विष्णु जीवित हैं—जहाँ शब्द है, वहाँ विष्णु हैं।
इसके साथ ही, आकाश ही विष्णु है। आकाश का जो अनंत नीला विस्तार है, इसीलिए उन्हें ‘नीलांबर’ (नीले आकाश के समान रंग वाले) कहा गया है।
अब जरा और गंभीर दर्शन की ओर बढ़ें: पुराणों में कहा गया है कि भगवान विष्णु क्षीरसागर (दूध जैसे पवित्र और गहरे सागर) में निवास करते हैं।
क्या कभी आपने सोचा है कि यह प्रसंग कहाँ से आया होगा? जब अनंत और गहरे नीले आसमान का प्रतिबिंब नीचे विशाल समुद्र पर पड़ता है, तो समुद्र भी नीला दिखाई देने लगता है।
उस आदि काल के ज्ञानियों और ऋषियों ने जब यह दृश्य देखा होगा, तो उन्होंने सोचा होगा कि कहीं यह नीला सागर ही वह अनंत विष्णु तो नहीं, जो पूरी सृष्टि में समाया हुआ है? क्योंकि विष्णु तो क्षीरसागर के भीतर शयन करने वाले अनंत प्राण हैं।
और आज भी, जब हम आगे बढ़ते हैं, तो लोक-जीवन में देवउठनी एकादशी जैसे पर्व आते हैं, जो हमें यह याद दिलाते हैं कि चेतना कभी सोती नहीं, वह केवल जागृत होने की प्रतीक्षा करती है।
लेखक :दीपक पाण्डेय 9826157101
