बेमेतरा, 21 अप्रैल 2026
वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर बेमेतरा ब्राह्मण समाज द्वारा नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। परशुराम चौक स्थित भगवान परशुराम परिसर में सुबह की कथा एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
आचार्य थानेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में मुख्य यजमान आदर्श शर्मा एवं शिवांगी शर्मा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों एवं महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।
संध्या समय भव्य महाआरती का आयोजन सलधा शिव गंगा आश्रम के दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानन्द सरस्वती के पावन सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य सदस्य—लेखमणी पाण्डेय, अजय शर्मा, अशोक तिवारी, कौशल शर्मा, अरुण मिश्रा, किशोर शर्मा, धनंजय दीवान, रघुनंदन दुबे, सतीश शर्मा, जय पांडे, अनिल दुबे, डी.के. तिवारी, जितेन्द्र शुक्ला, डॉ. शिरीष शर्मा, डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी, शरद शर्मा, दीपक पाण्डेय, दीपक तिवारी, लोकेश्वर शुक्ला, विक्की चौबे सहित महिला ब्राह्मण समाज की मंजू तिवारी, जया पाण्डेय, ममता शुक्ला, सोमी शुक्ला एवं आशा दुबे उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया। स्वर्गीय नरेंद्र धर दीवान की स्मृति में उनके पुत्र राजेश दीवान द्वारा दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानन्द सरस्वती के करकमलों से सम्मानित व्यक्तियों को जनेऊ, शॉल एवं श्रीफल भेंट किए गए। सम्मानित होने वालों में आचार्य बलदेव प्रसाद शास्त्री, जीधन प्रसाद तिवारी, केशव प्रसाद तिवारी, कृष्ण प्रसाद तिवारी, अभय राम तिवारी, दलहरण प्रसाद तिवारी, डॉ. महेंद्र तिवारी, ईश्वरी प्रसाद तिवारी, टहल प्रसाद तिवारी एवं लाल प्रसाद तिवारी प्रमुख रहे।
इस अवसर पर दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानन्द सरस्वती ने समाजहित में कार्य करने वाले लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान से समाज में एकजुटता बढ़ती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने बुजुर्गों से प्रेरणा लेकर संस्कारों को आत्मसात करें और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
परशुराम जयंती पर बेमेतरा ब्राह्मण समाज का भव्य आयोजन, महाआरती व सम्मान समारोह संपन्न


