30.1 C
Raipur
Friday, October 23, 2026
Home Blog Page 4

दशहरा में बड़ा हादसा, विजय रथ के पहिए के नीचे आने से व्यक्ति की मौत, मची अफरा-तफरी

 जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भीतर रैनी की रस्म शुरू होने से पहले आठ पहियों वाले विजय रथ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और रथ को तत्काल रोक दिया गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची।

भीतर रैनी की रस्म से पहले कैसे हुआ हादसा?

बस्तर दशहरा में भीतर रैनी की रस्म का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस परंपरा के तहत माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ पहियों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ को गोलबाजार क्षेत्र की परिक्रमा कराई जाती है।इस आयोजन को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटते हैं। बुधवार को भी विजय रथ की परिक्रमा देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ जमा थी। इसी दौरान एक व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।

माता दंतेश्वरी का छत्र रथ पर विराजित होने से पहले हादसा

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना उस समय हुई, जब विजय रथ पर माता दंतेश्वरी का छत्र अभी स्थापित नहीं किया गया था। बस्तर दशहरा की परंपरा के अनुसार, मावली परघाव की रस्म पूरी होने के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ की गोलबाजार में परिक्रमा होती है।

हादसे के बाद रोका गया विजय रथ

रथ के पहिए की चपेट में व्यक्ति के आने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए विजय रथ रोक दिया गया और मौके पर जरूरी कार्रवाई की गई। हादसे की सूचना मिलने पर एंबुलेंस को भी बुलाया गया।

मृतक की पहचान का इंतजार

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में कैसे आया, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। बस्तर दशहरा जैसे बड़े पारंपरिक आयोजन में हुई इस घटना ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर में, 200 रुपये का स्मारक सिक्का करेंगी जारी, कई रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

 रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 12:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उतरेंगी, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनका स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर निर्धारित समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।

रायपुर में पहले दिन राष्ट्रपति का क्या रहेगा कार्यक्रम?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दौरे के पहले दिन 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व कार्यक्रम में शामिल होंगी। वह ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। वहां वह मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बस्तर में भी प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं।

राष्ट्रपति के दौरे से इन रास्तों पर होगा असर

राष्ट्रपति के आवागमन और कार्यक्रमों के दौरान रायपुर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। घर से निकलने से पहले इन बदलावों की जानकारी रखना जरूरी है।

1. ओल्ड पुलिस हेडक्वार्टर से लोक भवन चौक

इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वैकल्पिक रास्ते के रूप में कलेक्ट्रेट चौक से आवागमन किया जा सकेगा।

2. एलआईसी ऑफिस से सिविल लाइन रोड

इस रास्ते पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक आयकर भवन के पास वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

3. लोक भवन से सप्रे शाला मार्ग

इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम के दौरान निर्धारित समय से करीब आधे घंटे पहले इस मार्ग पर यातायात रोका जाएगा। काली माता मंदिर और महिला थाना की ओर से सप्रे शाला रोड तक आवाजाही प्रभावित रहेगी।

4. बूढ़ेश्वर चौक से लोक भवन

महिला थाना और ओसीएम चौक की ओर से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

5. एयरपोर्ट से लोक भवन जाने वाला मार्ग

वीआईपी रोड, एक्सप्रेसवे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक से होकर जाने वाले मार्ग पर राष्ट्रपति के आवागमन से करीब आधे घंटे पहले यातायात रोका जाएगा।

6. लोक भवन से एयरपोर्ट जाने वाला मार्ग

एसआरपी चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।वाहन चालकों को सलाह है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग चुनें और पुलिस की ओर से जारी यातायात निर्देशों का पालन करें।

सुरक्षा के लिए 2000 से अधिक जवान तैनात

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुरक्षा में 2000 से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 3 आईजी, 6 डीआईजी और एसपी रैंक के 10 अधिकारियों समेत 100 से अधिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रमों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल, रीवा रेफर

0

 सतना: मध्य प्रदेश के सतना में एक घर के भीतर अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गोली लगने से घायल हो गईं। गोली 50 वर्षीय दीपमाला सिंह के पेट में लगी। घटना के बाद परिजन और घर में रहने वाले किराएदार उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया।

मंदिर से बंदूक ले जाते समय कैसे चली गोली?

परिजनों के मुताबिक, घर में मंगलवार को शस्त्र पूजा हुई थी। अगले दिन बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उनके पेट में जा लगी। फायरिंग की आवाज के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।दीपमाला की चीख-पुकार सुनकर किराएदार कमरे में पहुंचे। किराएदार अभिषेक सिंह के मुताबिक, कमरे में पहुंचने पर उन्होंने दीपमाला को घबराई हुई हालत में देखा। उनके पेट में गोली लगी थी। इसके बाद पति देवेंद्र प्रताप सिंह और किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए।

रीवा में पदस्थ हैं सहायक आबकारी अधिकारी

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र प्रताप सिंह रीवा में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह अवकाश पर सतना स्थित अपने घर आए हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। हालांकि, तब तक घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।

मौके पर पहुंची पुलिस को क्या मिला?

पुलिस ने मकान खुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे हुए कांच बिखरे मिले। पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।

गोली चलने की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा ने कमरे और किचन की बारीकी से जांच की। मकान में रहने वाले किराएदारों से भी पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस ने मकान में ताला लगवाकर उसकी चाबी अपने पास रख ली है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बंदूक से गोली किन परिस्थितियों में चली। घटना के कारणों को लेकर जांच जारी है।

बृहस्पतिवार का शुभ नक्षत्र : भूलकर भी न छोड़ें ये मौका, आज ही निपटा लें ये खास काम!

 पंचांग : आज 22 अक्टूबर, 2026 गुरुवार, के दिन आश्विन महीने की शुक्ल पक्ष एकादशी तिथि है. इस तिथि के रक्षक भगवान विष्णु है. विवाह समारोह के साथ स्वनियंत्रण और उपवास के लिए यह तिथि अच्छी है. साथ ही धन प्रदायक गतिविधियों की ऊर्जा के साथ खुद को संलग्न करने के लिए भी यह तिथि अच्छी है.

22 अक्टूबर का पंचांग :

विक्रम संवत : 2083

मास : आश्विन

पक्ष : शुक्ल पक्ष एकादशी

दिन : गुरुवार

तिथि : शुक्ल पक्ष एकादशी

योग : व्रुद्धी

नक्षत्र : शतभिषा

करण : विष्टि

चंद्र राशि : कुंभ

सूर्य राशि : तुला

सूर्योदय : 06:26:00 AM

सूर्यास्त : 05:44:00 PM

चंद्रोदय : 3:25 पी एम

चंद्रास्त : 03:17 ए एम, अक्टूबर 23

राहुकाल : 13:30 से 14:55

यमगंड : 06:26 से 07:51

आज का नक्षत्र

आज के दिन चंद्रमा कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र कुंभ राशि में 6:40 से 20:00 तक फैला है. इसके देवता वरुण और नक्षत्र स्वामी राहु है. इसे शुभ नक्षत्र नहीं माना जाता है. हालांकि यात्रा करने, आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त करने और मित्रों से मिलने के लिए यह नक्षत्र श्रेष्ठ है.

आज के दिन का वर्जित समय

आज के दिन 13:30 से 14:55 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

राशिफल: कुंभ राशि के लिए आज का दिन शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दृष्टि से अच्छा साबित होगा

 मेष: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए ग्यारहवें भाव में होगा. आज का दिन सामाजिक कामों और मित्रों के साथ दौड़-धूप में व्यतीत होगा. इसके पीछे धन खर्च भी होगा. फिर भी सरकारी काम में सफलता मिलेगी. सम्माननीय व्यक्तियों से मुलाकात होगी. दूर रहने वाले रिश्तेदारों से शुभ समाचार मिलेंगे. किसी यात्रा की संभावना है. अविवाहितों का रिश्ता पक्का होने के योग रहेंगे. जीवनसाथी के साथ चल रहा मतभेद दूर होने से मन को शांति मिलेगी. विद्यार्थियों के लिए आज का दिन लाभप्रद रहेगा.

वृषभ: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दसवें भाव में होगा. नए काम की शुरुआत करने वालों के लिए समय अनुकूल है. नौकरी तथा व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेगा. पदोन्नति होने से मन खुश हो सकता है. व्यापार में नई दिशाएं खुलती हुई प्रतीत होंगी. सरकार से लाभ के समाचार मिलेंगे. मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी. रुके हुए काम पूरे होंगे. गृहस्थजीवन में मधुरता रहेगी. प्रेम जीवन के लिए आज का दिन अच्छा है. हो सकता है आज आप किसी को मन की बात कह दें. स्वास्थ्य सुख अच्छा रहेगा.

मिथुन: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए नवें भाव में होगा. आप का दिन कुछ प्रतिकूल रह सकता है. मानसिक रूप से चिंता और शारीरिक रुप से शिथिलता का अनुभव होगा. काम करने का उत्साह नहीं रहेगा. कार्यस्थल पर भी अधिकारियों और सहकर्मियों का व्यवहार नकारात्मक रहेगा. धन खर्च हो सकता है. संतान के साथ मतभेद हो सकता है. विरोधियों से सावधानी बरतें. हालांकि आज के दिन को धैर्य के साथ गुजारें और ज्यादातर समय मौन ही बने रहें.

कर्क: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए आठवें भाव में होगा. प्रत्येक विषय में आज सावधानीपूर्वक व्यवहार करना पड़ेगा. परिवार के सदस्यों के साथ वाद-विवाद न करें. गुस्से को नियंत्रण में रखें. अधिक खर्च की भी संभावना है. नेगेटिव विचारों से दूर रहें और नियम विरुद्ध कोई काम आज ना करें. ईश्वर का स्मरण तथा आध्यात्मिकता आपको मन की शांति देगी. दोपहर के बाद स्थिति आपके अनुकूल रहेगी. इस दौरान आप सकारात्मक रहेंगे. परिजनों का साथ मिलने से उत्साह में वृद्धि होगी.

सिंह: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए सातवें भाव में होगा. आज का दिन मध्यम फलदायी है. दांपत्यजीवन में जीवनसाथी के साथ किसी बात पर मतभेद हो सकता है. व्यापार में भी पार्टनर के साथ मनमुटाव हो सकता है. आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन घर में किसी के स्वास्थ्य की चिंता आपको होगी. सामाजिक जीवन में सफलता मिलेगी. दोस्तों के साथ आपकी मुलाकात हो सकती है. अनावश्यक धन खर्च के भी योग हैं. विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा रहेगा.

कन्या: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए छठे भाव में होगा. आज आपको सभी मामलों में अनुकूलता का अनुभव होगा. प्रोफेशनल मोर्चे पर आपके काम आसानी से पूरे हो जाएंगे. कार्यक्षेत्र में भी सभी का सहयोग मिलेगा. विरोधियों की योजनाएं सफल नहीं हो पाएंगी. व्यापार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कोई नई योजना भी बना सकते हैं. व्यापार बढ़ाने के लिए भी आप कोशिश कर सकते हैं. घर में सुख- शांति रहेगी, इससे मन प्रसन्न रहेगा. सुखप्रद घटनाएं घटेंगी. अपने प्रिय के साथ सुखपूर्वक समय व्यतीय करेंगे. आज आपका स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा. बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य में सुधार होगा. किसी तरह का आर्थिक लाभ होने से मन प्रसन्न रहेगा.

तुला: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पांचवें भाव में होगा. आज आप किसी बौद्धिक चर्चा में भाग लेंगे. लोग आपके काम की तारीफ करेंगे. आपकी कल्पना और सृजनशक्ति की प्रगति से संतोष का अनुभव होगा. नौकरीपेशा लोग भी अपने स्किल का उपयोग करके टारगेट पूरा करने की कोशिश करेंगे। बिजनेस में आपको व्यर्थ वाद-विवाद या चर्चा में नहीं पड़ना चाहिए. स्वास्थ्य के मामले में पाचनतंत्र से संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती है. बाहर खाने से बचें. प्रेम जीवन में प्रिय व्यक्ति के साथ मिलन सुखद होगा. घर-परिवार के विवादों में मौन रहना बेहतर रहेगा. हालांकि जीवनसाथी का विशेष सहयोग आपकी खुशी को बढ़ा देगा.

वृश्चिक: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए चौथे भाव में होगा. आज आप तन-मन से अस्वस्थता महसूस करेंगे. छोटी- बड़ी चिंता आपको सता सकती है. मानसिक थकावट महसूस करेंगे. परिवार में कुटुंबजनों तथा सम्बंधियों के साथ मतभेद हो सकता है. मां का स्वास्थ्य खराब हो सकता है. जीवनसाथी या प्रेमी के साथ भी मतभेद हो सकता है. आज आपको जमीन, संपत्ति या वाहन की खरीदारी या उसके दस्तावेज का काम करने में ध्यान रखना पड़ेगा. लापरवाही से नुकसान करवा बैठेंगे. जल्दबाजी में किया निवेश आगे आपको चिंता में डाल सकता है. कार्यस्थल पर धैर्य के साथ अपना काम करते रहें. व्यापारियों के लिए भी दिन सामान्य रहेगा.

धनु: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए तीसरे भाव में होगा. गूढ़ रहस्यमय विद्याएं और आध्यात्मिकता का प्रभाव आप पर विशेष रहेगा. आपका मन शांत और प्रसन्न रहेगा. भाई-बहनों के साथ सार्थक मुलाकात होगी. अपने प्रिय व्यक्ति का साथ पाकर आपकी प्रसन्नता दोगुनी हो जाएगी. व्यापार को बढ़ाने वाले किसी नए काम की शुरुआत आज कर सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों के लिए भी दिन अनुकूल रहेगा. सगे-संबंधियों तथा मित्रों के आगमन से आनंद का अनुभव होगा. किसी मीटिंग के सिलसिले में छोटी यात्रा हो सकती है. भाग्य वृद्धि का अवसर मिलेगा. वित्तीय स्थिति अच्छी रहेगी. परिवार की खुशी के लिए धन खर्च करने में खुशी महसूस करेंगे.

मकर: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दूसरे भाव में होगा. आपको वाणी और व्यवहार पर अंकुश रखना चाहिए. नौकरी या व्यवसाय में उन्नति के लिए धैर्य से काम लेना होगा. अधीनस्थों के साथ आपको बेहद मीठी वाणी में बात करना होगा. प्रेम जीवन के लिए समय कठिन है. पारिवारिक सदस्यों के साथ मतभेद न हो इसका ध्यान रखें. शेयर बाजार में निवेश करने की नई योजना बना सकेंगे. इससे आगे आपको वित्तीय लाभ हो सकेगा. स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा. आंख में दर्द या पीड़ा हो सकती है. नेगेटिविटी से जितना दूर रहेंगे उतना लाभ हो सकेगा. विद्यार्थियों को पढ़ाई में विशेष ध्यान रखना होगा. किसी नए कोर्स की ओर भी आकर्षित हो सकते हैं.

कुंभ: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पहले भाव में होगा. शारीरिक, मानसिक और आर्थिक दृष्टि से आज का दिन आपके लिए अच्छा साबित होगा. नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर लाभ होगा. व्यापारी भी आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे. अपने प्रिय पात्र का साथ पाकर आपको खुशी महसूस होगी. परिजनों के साथ सुरुचिपूर्ण भोजन का आनंद उठाएंगे. मित्रों के साथ बाहर घूमने जाने का आयोजन होगा, तो दूसरी तरफ आज आपकी चिंतनशक्ति और आध्यात्मिक शक्ति भी अच्छी रहेगी. दांपत्यजीवन की मधुरता का आनंद उठा सकेंगे. उपहार और धन की प्राप्ति होगी. पूरा दिन आनंदपूर्वक व्यतीत होगा. अपनी जरूरत पर धन खर्च करके आपको खुशी मिलेगी.

मीन: 22 अक्टूबर, 2026 बृहस्पतिवार के दिन कुंभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए बारहवें भाव में होगा. आज मानसिक व्याकुलता अधिक रहेगी. एकाग्र नहीं रह पाएंगे. इससे कार्यस्थल पर आपका मन नहीं लगेगा. अधिकारियों के साथ विवाद की आशंका रहेगी. अधीनस्थों के साथ भी गलत व्यवहार कर सकते हैं. बेहतर होगा, ज्यादातर समय अपने काम पर ही ध्यान दें. धार्मिक कामों में धन खर्च हो सकता है. पूंजी निवेश में आज विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. स्वजनों से विवाद ना करें, क्योंकि विवाद किसी बड़े झगड़े में बदल सकता है. किसी छोटे लाभ के लालच में ना पड़ें. निवेश सोच-समझकर करें. कोर्ट-कचहरी के काम को सावधानीपूर्वक करें. आध्यात्मिकता से मन को शांति मिलेगी.

SBI डेटा लीक मामले पर विकास उपाध्याय का बड़ा बयान, केंद्र सरकार से मांगा जवाब

SBI पर साइबर हमले और ग्राहकों के निजी डेटा लीक होने की खबर चिंताजनक, केंद्र सरकार जवाब दे — विकास उपाध्याय

रायपुर- प्रेस विज्ञप्ति/21 अक्टूबर 2026

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) पर साइबर हमले और हजारों ग्राहकों के कथित निजी डेटा चोरी होने से जुड़ी सामने आई खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्र की मोदी सरकार की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के ग्राहकों का व्यक्तिगत डेटा सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के अनुसार, इस साइबर हमले में 3,897 ग्राहकों का डेटा चोरी होने का दावा किया जा रहा है। कथित तौर पर ग्राहकों के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल एड्रेस, घर का पता, ऋण संबंधी रिकॉर्ड और ग्राहक पहचान से जुड़ी जानकारियां लीक होने की बात कही जा रही है। यदि इन दावों की पुष्टि होती है, तो यह ग्राहकों की निजता, आर्थिक सुरक्षा और बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसे से जुड़ा गंभीर मामला होगा।

उन्होंने कहा कि आज बैंकिंग से लेकर सरकारी सेवाओं तक आम नागरिकों का व्यक्तिगत डेटा डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध है। ऐसे में साइबर सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक लोगों को वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी पहचान और अन्य ऑनलाइन अपराधों के जोखिम में डाल सकती है। सरकार की जिम्मेदारी केवल डिजिटल सेवाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि नागरिकों के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

विकास उपाध्याय ने केंद्र सरकार से मांग की कि—

  1. SBI पर कथित साइबर हमले और डेटा लीक के मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  2. डेटा चोरी की वास्तविक स्थिति, प्रभावित ग्राहकों की संख्या और लीक हुई जानकारी के प्रकार पर आधिकारिक स्पष्टीकरण दिया जाए।
  3. प्रभावित ग्राहकों को समय रहते सूचित कर उनकी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
  4. साइबर सुरक्षा में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
  5. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बैंकों की साइबर सुरक्षा व्यवस्था का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए।

उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा किसी राजनीतिक प्रचार का विषय नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और करोड़ों नागरिकों के विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए तथ्यों के साथ देश के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

विकास उपाध्याय ने कहा कि नागरिकों की मेहनत की कमाई और निजी जानकारी की सुरक्षा सर्वोपरि है। सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि डिजिटल इंडिया के दौर में आम नागरिक साइबर अपराधियों के भरोसे न छोड़ दिए जाएं।

भिलाई नगर निगम के सात अभियंताओं को हाईकोर्ट से राहत, कार्रवाई और वसूली के आदेश पर लगी रोक

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने सात अभियंताओं को अंतरिम राहत दी है। जस्टिस बीडी गुरु की एकल पीठ ने संबंधित अभियंताओं के खिलाफ प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्रवाई और कथित अतिरिक्त भुगतान की वसूली से जुड़े निर्देशों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा मुख्य अभियंता की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस पर भी रोक लगाई गई है। अदालत ने राज्य के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव, दुर्ग कलेक्टर और नगर निगम भिलाई के संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

वर्ष 2023-24 के निर्माण कार्यों से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला भिलाई नगर निगम की परियोजना शाखा के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में कराए गए पेवर ब्लॉक निर्माण कार्यों से संबंधित है। शहर की सड़कों, फुटपाथों और चौक-चौराहों पर पेवर ब्लॉक लगाने के इन कार्यों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद दुर्ग कलेक्टर ने जांच कराने के निर्देश दिए थे। जांच में निर्माण से जुड़े अभिलेखों और मौके पर मौजूद कार्यों का मिलान किया गया। रिपोर्ट में दर्ज विवरण और वास्तविक निर्माण के बीच अंतर होने की बात सामने आई थी।

सात अभियंताओं ने हाईकोर्ट में दी चुनौती

इस मामले में नगर निगम भिलाई में पदस्थ उप अभियंता अर्पित बंजारे, चंदन निर्मल, श्वेता महेश्वर, पुरुषोत्तम सिंहा, रीमा हुमने और कृष्ण कुमार जंघेल के साथ सहायक अभियंता श्वेता वर्मा ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। अधिवक्ता सिबाशीष मिश्रा के माध्यम से दायर याचिका में अभियंताओं ने अपने खिलाफ प्रस्तावित विभागीय कार्रवाई और कथित अतिरिक्त भुगतान की वसूली के निर्देशों को चुनौती दी।

संयुक्त जांच में 29 अनुबंधों की हुई पड़ताल

निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंताओं की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच दल ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के साथ संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।

संयुक्त जांच रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 29 अनुबंधों की समीक्षा की गई। इनमें से 21 अनुबंधों में माप पुस्तिका में दर्ज निर्माण की मात्रा के मुकाबले मौके पर कम काम पाया गया। रिपोर्ट में 16 लाख 85 हजार 457 रुपये के कथित अतिरिक्त भुगतान का उल्लेख किया गया था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर दुर्ग कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित अभियंताओं के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और अतिरिक्त भुगतान की राशि वसूलने के निर्देश दिए थे।

कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद अदालत पहुंचे अभियंता

कलेक्टर के निर्देशों के बाद मुख्य अभियंता ने सातों अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्माण कार्यों में सामने आई कथित गड़बड़ियों पर जवाब मांगा था। इसके बाद अभियंताओं ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि जांच के दौरान उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। इसके बावजूद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और वसूली के निर्देश जारी कर दिए गए।

अधिवक्ताओं ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का दिया हवाला

हाईकोर्ट में अभियंताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी और अधिवक्ता जैनब मुस्तफा वनक ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि संबंधित अधिकारियों को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिए बिना ही उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की दिशा में कदम उठाए गए।

वरिष्ठ अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी ने अदालत में तर्क दिया कि यदि कार्रवाई के संबंध में पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हों, तो बाद में कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठता है। उन्होंने इसे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत बताया।

हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से मांगा जवाब

याचिकाकर्ताओं की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस बीडी गुरु की एकल पीठ ने दुर्ग कलेक्टर के 3 सितंबर 2026 के पत्र में उल्लिखित अनुशासनात्मक कार्रवाई और कथित अतिरिक्त भुगतान की वसूली संबंधी निर्देशों पर रोक लगा दी। अदालत ने मुख्य अभियंता की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस पर भी अंतरिम रोक लगाई है।

इसके साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव, दुर्ग कलेक्टर और नगर निगम भिलाई के संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अंतिम फैसले तक जांच और जिम्मेदारी पर स्थिति स्पष्ट नहीं

हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश से सातों अभियंताओं को फिलहाल राहत मिली है। हालांकि, अदालत ने अभी निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं या संबंधित अभियंताओं की जिम्मेदारी को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। मामले में आगे की स्थिति संबंधित अधिकारियों के जवाब और आगामी सुनवाई के बाद स्पष्ट होगी।

सक्ती में लापता CAF जवान का तालाब में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

 सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में लापता छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान दिलीप साहू का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जवान दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ था और पिछले कुछ दिनों से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस से की थी। इसी बीच बुधवार सुबह डभरा नगर पंचायत क्षेत्र के खम्हार खैया तालाब में उसका शव मिला। जवान की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

खम्हार खैया तालाब में मिला शव

मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खम्हार खैया तालाब में एक व्यक्ति का शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की पहचान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान दिलीप साहू के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

दंतेवाड़ा में पदस्थ था जवान

दिलीप साहू की तैनाती दंतेवाड़ा जिले में थी। जानकारी के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से लापता था। काफी तलाश के बाद भी जब उसकी जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस भी जवान की तलाश में जुटी थी, लेकिन इसी दौरान तालाब में उसका शव मिलने की खबर सामने आ गई।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जवान की मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजनों को उम्मीद थी कि दिलीप जल्द ही सुरक्षित घर लौट आएगा, लेकिन शव मिलने की सूचना ने उन्हें झकझोर दिया। परिवार ने आशंका जताई है कि जवान की हत्या की गई हो सकती है और मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।

हालांकि, अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस और FSL की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दिलीप साहू किन परिस्थितियों में तालाब तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई। उसके लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

रामलीला के दौरान भड़की आग, हनुमान का किरदार निभा रहा युवक समेत 3 लोग झुलसे

 धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित रामलीला में बड़ा हादसा हो गया। नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में आग के करतब के दौरान अचानक लपटें भड़क उठीं, जिसकी चपेट में आकर हनुमान की भूमिका निभा रहे युवक समेत तीन लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आग की लपटों ने मचाई अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, छिपली गांव में दशहरा के अवसर पर रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान आग से जुड़े करतब के बीच अचानक लपटें तेज हो गईं। देखते ही देखते आग ने मंचन में शामिल कलाकारों को अपनी चपेट में ले लिया।इस घटना में हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव सहित तीन लोग झुलस गए। अचानक आग भड़कने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।

फ्लेमेबल स्प्रे बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रावण दहन के दौरान कुछ लोग ज्वलनशील स्प्रे का इस्तेमाल कर आग का करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान स्प्रे से निकली आग अनियंत्रित हो गई और रामलीला में शामिल कलाकार इसकी चपेट में आ गए।हालांकि, हादसे की पूरी परिस्थितियों और आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

हेमंत ध्रुव की हालत गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी

हादसे में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हनुमान की भूमिका निभा रहे हेमंत ध्रुव को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा पर सवाल

इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटें तेजी से फैलती दिखाई दे रही हैं। कुछ ही पलों में कई लोग आग की चपेट में आ जाते हैं और बचने के लिए संघर्ष करते नजर आते हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।इस हादसे ने धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल तथा सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे कार्यक्रमों में आग से जुड़े करतब दिखाते समय पर्याप्त दूरी, अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

मीना बाजार में दर्दनाक हादसा, आकाश झूले से गिरकर युवक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मीना बाजार में एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे युवक की आकाश झूले से गिरने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और मेले में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हादसे ने मेले में संचालित झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

झूले में अचानक लगा झटका, नीचे गिरा युवक

यह घटना खरसिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नकुल अपने परिवार के साथ मीना बाजार घूमने पहुंचा था। इसी दौरान आकाश झूले में अचानक झटका लगा, जिसके बाद वह नीचे गिर गया। गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद घायल नकुल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मेले में मौजूद लोगों के बीच भी हादसे को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल बन गया।

झूले की सुरक्षा को लेकर पहले भी उठे थे सवाल

घटना के बाद झूले के संचालन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, झूले की व्यवस्था को लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी। ऐसे में हादसे के बाद यह जांच करना महत्वपूर्ण हो गया है कि झूले का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो रहा था या नहीं।

दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में था और झूले पर नाच रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का निर्धारण जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

परिजनों ने झूला संचालक पर लगाए आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने झूला संचालक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत खरसिया चौकी में दर्ज कराई गई है। परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में हादसे की परिस्थितियों, झूले के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

मीना बाजार में हुई इस घटना ने मनोरंजन के लिए लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे आयोजनों में झूलों की तकनीकी जांच, संचालन के दौरान निगरानी और सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी बनती है।