22.6 C
Raipur
Saturday, October 31, 2026
Home Blog Page 216

भारत–रूस शिखर वार्ता 2025: पुतिन की भारत यात्रा सफल, रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पहुंचे और राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत किया—जो भारत की ओर से विशेष कूटनीतिक संकेत माना गया।

नई दिल्ली | 06 दिसंबर 2025

पुतिन यात्रा सार

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 4–5 दिसंबर की भारत यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने वाली साबित हुई। पुतिन के आगमन से लेकर प्रस्थान तक दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय कूटनीति, सांस्कृतिक जुड़ाव और रणनीतिक सहयोग पर महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई।

पहले दिन राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत हुआ। इसके बाद उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। शाम को प्रधानमंत्री मोदी के आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर निजी रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जहां भारत–रूस मित्रता का विशेष माहौल तैयार किया गया था।

5 दिसंबर को दोनों नेताओं ने हैदराबाद हाउस में 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष, परमाणु तकनीक और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर व्यापक चर्चा हुई। पूर्वी समुद्री गलियारे (ESR) को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को भगवद गीता का रूसी अनुवाद भेंट किया, जिसे पुतिन ने भारतीय संस्कृति की अनमोल सौगात बताया। पुतिन ने दिल्ली में आयोजित एक प्रमुख व्यापारिक कार्यक्रम में भी भाग लिया और बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

6 दिसंबर की सुबह पुतिन का दो दिवसीय भारत दौरा सफलतापूर्वक संपन्न होकर समाप्त हुआ। विदेश मंत्रालय ने यात्रा को “बेहद उत्पादक और विश्वास मजबूत करने वाली” बताया।

यह दौरा भारत–रूस रणनीतिक साझेदारी को न सिर्फ मजबूती देता है, बल्कि अगले दशक के सहयोगी ढांचे का आधार भी तैयार करता है। सांस्कृतिक स्तर पर गीता का रूसी संस्करण और रणनीतिक स्तर पर नए सहयोग के संकेत इस यात्रा को अत्यंत महत्वपूर्ण बनाते हैं।

आतंकवाद के खिलाफ भारत–रूस की एकजुटता, पहलगाम हमले की कड़ी निंदा

नई दिल्ली:_ 06/12/2025


दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ व्यापक सहयोग को और मज़बूत करने का संकल्प दोहराया। बैठक के दौरान भारत और रूस ने कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान किया और आतंकवाद, उग्रवाद, संगठित अपराध, धनशोधन और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने पर जोर दिया।

दोनों नेताओं ने कहा कि आतंकवाद “धार्मिक या वैचारिक बहानों” में छिपकर आए—तब भी किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसी क्रम में भारत और रूस ने 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले और 2024 में मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने अल-कायदा, आईएसआईएस/दाएश सहित सभी संयुक्त राष्ट्र सूचीबद्ध आतंकी संगठनों पर कठोर कार्रवाई की जरूरत पर बल दिया—जिसमें आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों का सफाया, कट्टरपंथ के प्रसार पर रोक और वित्तपोषण नेटवर्क ध्वस्त करना शामिल है।

दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और महासभा के प्रासंगिक प्रस्तावों के “दृढ़ और संतुलित” क्रियान्वयन की वकालत करते हुए कहा कि आतंकवाद पर शून्य-सहिष्णुता नीति ही वैश्विक सुरक्षा का रास्ता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आतंकवाद का मुकाबला करने की प्राथमिक जिम्मेदारी संप्रभु राष्ट्रों की एजेंसियों पर है और अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक कन्वेंशन को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।

भारत और रूस ने 2022 में भारत की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद रोधी समिति (CTC) की विशेष बैठक और दिल्ली घोषणा-पत्र का स्वागत किया—जो डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया, ऑनलाइन फंडिंग तकनीक और ड्रोन जैसी नई तकनीकों के आतंकवादी दुरुपयोग पर रोक लगाने से संबंधित प्रमुख चिंताओं को संबोधित करता है। दोनों देशों ने ऑनलाइन कट्टरपंथ रोकने के लिए सहयोग बढ़ाने तथा एससीओ और ब्रिक्स के तहत जारी प्रगति पर संतोष जताया।

राजनांदगांव में बड़ी कार्रवाई: 5.88 करोड़ का 18,983 क्विंटल अवैध धान और 11 वाहन जब्त

रायपुर/राजनांदगांव, 05 दिसंबर 2025

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान की अवैध बिक्री पर रोक लगाने जिला प्रशासन राजनांदगांव ने सख़्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने शुक्रवार को दो स्थानों पर छापेमारी कर 17.45 लाख रुपए मूल्य का 563.20 क्विंटल (1408 बोरा) अवैध धान जब्त किया।

जिले में अब तक कुल 5.88 करोड़ रुपए मूल्य का 18,983.46 क्विंटल (47,459 बोरा) धान और 11 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। आज की कार्रवाई में राजनांदगांव अनुविभाग से 60 क्विंटल (150 बोरा) तथा डोंगरगांव अनुविभाग से 503.20 क्विंटल (1258 बोरा) धान पकड़ा गया।

आंकड़ों के अनुसार—
राजनांदगांव अनुविभाग में अब तक 3.35 करोड़ मूल्य का 10,835.20 क्विंटल (27,088 बोरा) धान और 4 वाहन,
डोंगरगढ़ अनुविभाग में 1.18 करोड़ मूल्य का 3,807.26 क्विंटल (9,518 बोरा) धान और 2 वाहन,
डोंगरगांव अनुविभाग में 1.34 करोड़ मूल्य का 4,341 क्विंटल (10,853 बोरा) धान और 5 वाहन जब्त किए गए हैं।

कलेक्टर यादव ने कहा कि अवैध धान कारोबार में शामिल कोचियों व बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और पुनरावृत्ति पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जिले में 1500 मंडी अनुज्ञप्तिधारियों की सूची तैयार कर टीमों को लगातार दबिश के लिए लगाया गया है।

अन्य राज्यों से धान की अवैध आवक रोकने बोरतलाब, पाटेकोहरा और कल्लूबंजारी में तीन अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां 24×7 निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे धान केवल अधिकृत समितियों में ही बेचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें।

“छत्तीसगढ़ में अवैध कारोबार पर दोहरी मार: वन विभाग ने पकड़ा प्रतिबंधित काष्ठ, प्रशासन ने जब्त किया 76.75 लाख का धान”

रायपुर | 05 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ में अवैध गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत राज्य सरकार और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। दो अलग-अलग अभियानों में वन विभाग और प्रशासनिक टीमों ने बड़े स्तर पर अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर शिकंजा कसते हुए महत्वपूर्ण जब्ती की है।

पहली कार्रवाई में, दुर्ग जिले के धमधा और पाटन वनमंडल में 4 दिसंबर की रात गश्त के दौरान वन विभाग ने प्रतिबंधित काष्ठों का अवैध परिवहन कर रहे 5 वाहनों को पकड़ा।

वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में चार वाहनों—सीजी 04 जेसी 8048, सीजी 06 एम 0463, सीजी 07 सीए 1055 और सीजी 07 सी 7985—को पाटन डिपो में तथा एक वाहन सीजी 04 जेडी 7725 को कुम्हारी डिपो में सुरक्षित रखा गया है। सभी वाहनों पर विभिन्न वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं।

डीएफओ दीपेश कपिल के अनुसार आरोपियों से नियमानुसार मुआवजा वसूला जाएगा और प्रतिबंधित काष्ठ राजसात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वन संरक्षण के लिए सघन गश्त, अवैध व्यापार पर सख्ती और जनभागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हुई, जहां प्रशासन ने 2476 क्विंटल अवैध धान, जिसकी बाजार कीमत 76.75 लाख रुपये है, जब्त किया। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, कृषि उपज मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमों ने 3 दिसंबर तक लगातार जांच अभियान चलाया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल पात्र किसानों को ही समर्थन मूल्य का वास्तविक लाभ दिलाना है और कोचियों द्वारा किए जा रहे अवैध धान के भंडारण तथा खरीदी-बिक्री पर कड़ी रोक जारी रहेगी।

इन दोनों अभियानों ने यह साफ कर दिया कि राज्य सरकार अवैध गतिविधियों पर किसी भी स्तर पर नरमी बरतने को तैयार नहीं है।

NH-53 रिंग रोड 1 की सर्विस रोड अब 11 मीटर चौड़ी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों को मिली गडकरी की मंजूरी”

रायपुर को मिली बड़ी सौगात:रायपुर की यातायात प्रणाली को सुचारू करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है।

नई दिल्ली/रायपुर | 05 दिसंबर 2025

रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने NH-53 रिंग रोड नंबर 1 की सर्विस रोड चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी दे दी है।
संसद भवन में हुई विशेष मुलाकात के दौरान सांसद अग्रवाल ने रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, नागरिकों को हो रही परेशानियों और रिंग रोड 1 पर महज 5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड की अपर्याप्तता का मुद्दा मजबूती से रखा।

उनकी तथ्यपूर्ण प्रस्तुति से सहमति जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने इस परियोजना पर तुरंत मंजूरी प्रदान की और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंजूर परियोजना के अनुसार, 5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड को बढ़ाकर 11 मीटर किया जाएगा। यह चौड़ीकरण टाटीबंध से तेलीबांधा तक के सबसे व्यस्त हिस्से में होगा, जो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत आता है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि रिंग रोड नंबर 1 को कभी शहर से बाहर बनाया गया था, लेकिन तेज शहरीकरण के कारण इसके आसपास घनी रिहायशी और व्यावसायिक बस्तियां विकसित हो चुकी हैं। इससे स्थानीय और भारी वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है, जिसे मौजूदा 5 मीटर चौड़ाई संभाल नहीं पा रही।

सर्विस रोड के चौड़ीकरण के बाद स्थानीय यातायात को मेन हाईवे से अलग सुगठित रूप से संचालित किया जा सकेगा। ट्रैफिक जाम में कमी, एंबुलेंस और आपात वाहनों की तेज आवाजाही, कार्यालय और बाजारों में आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद अग्रवाल ने कहा, “रायपुर की जनता की सुविधा मेरी पहली प्राथमिकता है। नितिन गडकरी जी का आभार, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित परियोजना को तुरंत स्वीकृति दी।”

यह निर्णय रायपुर की वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

मोदी–पुतिन संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस: भारत-रूस रिश्तों में नई ऊर्जा,

रूसी नागरिकों को 30 दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीज़ा।

नई दिल्ली | 05 दिसंबर 2025

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस ने भारत-रूस संबंधों को नई गति देने वाला बड़ा मंच साबित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने घोषणा की कि रूसी नागरिकों को भारत आने के लिए अब 30 दिन का निशुल्क ई-टूरिस्ट वीज़ा मिलेगा। यह कदम दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

छह महत्वपूर्ण समझौते
बैठक में भारत और रूस ने कोऑपरेशन एवं माइग्रेशन, अस्थायी श्रमिक सहयोग, हेल्थकेयर और मेडिकल एजुकेशन, फूड सेफ्टी, पोलर शिपिंग व मैरीटाइम कोऑपरेशन, और फर्टिलाइज़र सेक्टर से जुड़े छह बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूती देने वाले माने जा रहे हैं।

मोदी बोले—दुनिया बदली, पर भारत-रूस की दोस्ती अडिग
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को “मित्र” बताते हुए कहा कि पिछले ढाई दशकों में पुतिन के नेतृत्व ने भारत-रूस साझेदारी को स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के रूप में नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा, “दुनिया कई संकटों से गुजरी, लेकिन भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह अडिग रही।”

पुतिन का बयान—मोदी के साथ संवाद से साझेदारी और मजबूत
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी के साथ डिनर के दौरान हुई बातचीत दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देती है। उन्होंने बताया कि भारत-रूस के बीच 96% व्यापार अब राष्ट्रीय मुद्राओं में हो रहा है और ऊर्जा क्षेत्र में तेल, गैस व कोयले की सप्लाई स्थिर बनी हुई है। पुतिन ने यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन और भारत के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से बड़े आर्थिक लाभ की उम्मीद जताई।

ऊर्जा, खनिज और शिपबिल्डिंग सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि एनर्जी सिक्योरिटी पार्टनरशिप, सिविल न्यूक्लियर एनर्जी और क्रिटिकल मिनरल्स में सहयोग भविष्य का निर्णायक आधार बनेगा। शिपबिल्डिंग में संयुक्त काम ‘मेक इन इंडिया’ को नई मजबूती देगा।

लोगों से लोगों तक रिश्ता मजबूत
फ्री ई-टूरिस्ट वीजा स्कीम को दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है। कुल मिलाकर, इस मुलाकात ने भारत-रूस संबंधों को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है।

इंडिगो संकट: 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द, DGCA सख्त – देश की सबसे बड़ी एयरलाइन लड़खड़ाई

विमान समाचार /अपडेट 5 दिसंबर 2025

नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने जताई नाराजगी कहा नियम पहले से पता है, इसलिए यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए थी।

देश में इन दिनों हवाई यात्रा बड़े संकट से गुजर रही है। एयरपोर्ट्स पर सबसे ज्यादा सुनाई दे रहा है— “इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हो गई है।’’ 1 नवंबर से लागू DGCA के नए सुरक्षा नियमों ने इंडिगो के संचालन पर सीधा असर डाला है। भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन पिछले तीन दिनों में पंगु सी हो गई है।

नए नियम लागू होते ही क्रू की भारी कमी सामने आई और गुरुवार को ही देशभर में 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली में 172, मुंबई में 118, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75, कोलकाता में 35 और चेन्नई में 26 उड़ानें थम गईं। गोवा, जयपुर, इंदौर जैसे शहर भी प्रभावित हुए। एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की लंबी कतारें और सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़ ने स्थिति की गंभीरता साफ कर दी।

DGCA ने आपात बैठक में इंडिगो से पूछा कि तैयारी पहले से क्यों नहीं की गई? अधिकारियों ने माना कि नए नियमों के चलते रोस्टर और ऑपरेशन बिगड़ गए हैं। इंडिगो ने सुधार के लिए समय मांगा और कहा कि फरवरी तक स्थिति सामान्य करने की कोशिश होगी। DGCA ने निर्देश दिए— क्रू भर्ती बढ़ाई जाए, ट्रेनिंग का रोडमैप दिया जाए, रोस्टर सुधारा जाए और हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजी जाए।

FDTL नियमों के दूसरे चरण के तहत पायलट अब रोज 8 घंटे से ज्यादा उड़ान नहीं भर सकते, नाइट लैंडिंग की सीमा 6 से घटाकर 2 कर दी गई और क्रू को 24 घंटे में 10 घंटे आराम अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से लागू किए गए ये नियम इंडिगो पर भारी पड़ गए। नवंबर में एयरलाइन की 1232 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें से 755 सिर्फ नए नियमों की वजह से थीं।




पुतिन ने अमेरिका की ‘दोहरी नीति’ पर सवाल उठाए

पुतिन का भारत समर्थक बयान, अमेरिका की दोहरी नीति पर सवाल, ऊर्जा साझेदारी को बताया स्थिर।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका खुद रूस से यूरेनियम खरीदता है, लेकिन भारत पर रूसी ऊर्जा आयात कम करने का दबाव बनाता है। उन्होंने कहा, “अगर अमेरिका को ऐसा करने का अधिकार है, तो भारत को भी वही अधिकार मिलने चाहिए।” पुतिन ने संकेत दिया कि इस मुद्दे पर वे राष्ट्रपति ट्रंप सहित अमेरिकी नेतृत्व से बातचीत के लिए तैयार हैं।

पुतिन चार साल बाद भारत दौरे पर गुरुवार शाम नई दिल्ली पहुंचे, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस बीच, ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 25% रेसीप्रोकल टैरिफ़ के साथ रूसी तेल आयात पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगा दिया है। इन टैरिफ़ों के कारण अक्टूबर 2025 में रूस से भारत का तेल आयात 30% तक घटा दर्ज हुआ।

ऊर्जा साझेदारी पर पुतिन ने कहा कि भारत–रूस संबंध “स्थिर और दीर्घकालिक” हैं और यह साझेदारी अमेरिका के दबाव या यूक्रेन संघर्ष जैसी परिस्थितियों से प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्था खुली है और हम ऐसी नीतियों में शामिल नहीं होते जो व्यापार साझेदारों पर दबाव डालें।”

अमेरिका के आरोपों—कि भारत रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है और इससे पुतिन को लाभ मिलता है—को भारत पहले ही खारिज कर चुका है। भारतीय अधिकारी इसे “दोहरा मानदंड” बताते हैं। पुतिन ने भी अमेरिकी टैरिफ़ नीति को जोखिमपूर्ण बताया और उम्मीद जताई कि विश्व व्यापार संगठन (WTO) नियमों के उल्लंघन में जल्द सुधार होगा।

04 दिसम्बर 2025

बेमेतरा पुलिस का बड़ा खुलासा: हाईवे पर पलटी ट्रक सरिया की आड़ में गांजा तस्करी!

एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज: सिटी कोतवाली पुलिस ने जब्त किया 30 लाख का ट्रक और अवैध माल

बेमेतरा | 04 दिसम्बर 2025

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बेमेतरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम बैजी टोल प्लाज़ा के पास पलटी हुई ट्रक से 83 किलो 950 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 8.40 लाख रुपये है, जबकि ट्रक और उसमें लदा सरिया मिलाकर कुल जब्ती की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक दर्ज की गई है।

कैसे पकड़ी गई तस्करी?
3 दिसंबर को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर एक ट्रक (CG04 M 6804) खेत में पलटी मिली है, जिसमें सरिया भरा है और डाला में दो संदिग्ध पैकेट नजर आ रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ ट्रक खाली था और चालक फरार था।जांच में पता चला कि सरिया के नीचे आसमानी रंग की फटी प्लास्टिक बोरी में पैक गांजा छुपाया गया था। पुलिस ने सरिया हटाकर जब तलाशी ली तो कुल 83.950 किलो गांजा निकल आया।

जप्त सामग्री
83 किलो 950 ग्राम अवैध गांजा — कीमत लगभग ₹8,39,500
ट्रक CG04 M 6804 — कीमत करीब ₹30 लाख (क्षतिग्रस्त)
सरिया की खेप ,मादक पदार्थ छुपाने में प्रयुक्त 3 प्लास्टिक बोरी।

मामला दर्ज, चालक फरार
अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तेज/लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पाए जाने पर अज्ञात चालक के खिलाफ
धारा 20(ख) NDPS एक्ट व 281 BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। चालक की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों की भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू,एसडीओपी बेरला विनय कुमार
डीएसपी कौशिल्या साहू,डीएसपी राजेश कुमार झा के निर्देशन में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
टीम में सउनि जितेंद्र कश्यप, प्रधान आरक्षक हेमंत साहू, आरक्षक पुरुषोत्तम कुम्भकार, इंद्रजीत पांडेय, राहुल यादव, मनीष मिश्रा सहित अन्य स्टाफ शामिल थे।

राजेंद्र नामदेव बने भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष

राजेंद्र नामदेव की ऐतिहासिक नियुक्ति! मैहर का गौरव बढ़ा।भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय पदाधिकारी ब्रजेश शर्मा और दीपक पांडे ने इस नियुक्ति पर हार्दिक बधाई प्रेषित किये हैं।

मैहर। मध्य प्रदेश _04/12/2025

प्रदेश के लोकप्रिय समाजसेवी एवं पूर्व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त राजेंद्र नामदेव को भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तहत उन्होंने मजदूरों के अधिकारों एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नई दिशा देने की प्रतिबद्धता जताई है।

राजेंद्र नामदेव की नियुक्ति से मैहर सहित प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सक्रिय सामाजिक भागीदारी और विभिन्न समुदायों में मजबूत पकड़ को देखते हुए संगठन ने यह पद उन्हें सौंपा है।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे मैहर का गौरव बताया है। उनके नेतृत्व में मजदूर हितों के संरक्षण और क्षेत्रीय विकास को लेकर नई उम्मीदें जागी हैं।

इस अवसर पर जनसमस्या समाधान समिति अध्यक्ष अभिषेक पांडे, बजरंगी सेना प्रमुख महेश तिवारी, समाजसेवी महेश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरवासियों ने खुशी जताई।

मैहर क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है क्योंकि प्रदेश स्तर पर मंत्री पद का अवसर प्राप्त किए बिना ही कोई नेता प्रदेश अध्यक्ष पद पर आसीन हो रहा है।

बधाई देने वालों में सलिल तिवारी, राजू उरमालिया, रवि सर्राफ, प्रिंस शर्मा, रमेश चौरसिया, राहुल नामदेव, मुकेश, नितिन ताम्रकार, कुलदीप तिवारी, बबला मिश्रा, सत्यवान सिंह, मोहित बढ़गैया, पप्पू पांडे सहित अनेक समर्थक शामिल रहे।