सुपौल/मधुबनी (एजेंसी)10/11/2025
बिहार में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चुनावी माहौल गरमाने के बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मधुबनी के बिस्फी और सुपौल में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में बिहार की सड़कों पर विकास दिखाई देता है, गांव प्रगति की नई पहचान बने हैं और युवाओं में आत्मविश्वास झलकता है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी, तब बिहार की जनता फिर एक बार विकास और सुशासन के पक्ष में फैसला देगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार वह भूमि है जिसने नालंदा जैसे विश्वविद्यालय के जरिए पूरी दुनिया को ज्ञान दिया, लेकिन आरजेडी-कांग्रेस के जंगलराज में यही बिहार पिछड़ गया। साक्षरता दर गिर गई, जातीय हिंसा और परिवारवाद ने जनता को बांट दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आरजेडी का गठबंधन जनता के साथ एक “धोखा” है — जो आपकी जमीन हड़पते हैं, वे युवाओं को नौकरी क्या देंगे।
यूपी के मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं की जो हालत हुई है, वही उदाहरण बिहार के लोगों को भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि “माफिया के लिए यूपी में दो ही जगह हैं — एक यमराज के घर जाने का टिकट, और दूसरा सरकार के कब्जे में गई उनकी संपत्ति, जिस पर गरीबों के लिए आवास बन रहे हैं।”
योगी ने कहा कि “जो राम का है, वही हमारे काम का है।” उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी के शासन में बिहार में 30 हजार से अधिक अपहरण हुए, न बहनें सुरक्षित थीं, न डॉक्टर, न इंजीनियर। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य है — बिहार को भय, भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त कर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना।


