स्वच्छता ही सेवा थीम के तहत चला अभियान; अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली शपथ
रांची/बिहार (PIB Ranchi) | 01 अक्टूबर, 2025
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी, रांची) द्वारा 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के तहत एक विशेष स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। इस अभियान में पीआईबी ब्यूरो के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए और कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर “स्वच्छ भारत” के संकल्प को मजबूती प्रदान की।
स्वच्छता शपथ और नेतृत्व:_अभियान की शुरुआत पीआईबी, रांची के फील्ड पब्लिसिटी ऑफिसर श्री ओंकार नाथ पांडेय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “स्वच्छता शपथ” दिला कर की। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर ज़ोर दिया।
श्री पांडेय ने कहा, “स्वच्छता केवल कुछ दिनों की औपचारिकता नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। यदि हम रोज़ाना छोटे-छोटे कदम उठाएँ, तो समाज और देश में स्वच्छता की संस्कृति स्थापित हो सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए ‘स्वच्छ भारत’ के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छ परिवेश को स्वास्थ्य, मनोबल और कार्यक्षमता के लिए आवश्यक बताया।
सामूहिक सफाई और संकल्प
इस पखवाड़े तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत पीआईबी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से परिसर की सफाई की। सभी ने कार्यालय कक्षों, अपने डेस्क, और आस-पास के खुले स्थानों में झाड़ू लगाया, कचरे को हटाया और स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया।
इस पहल का उद्देश्य केवल संस्थान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से समाज में भी जागरूकता फैलाना था। उपस्थित अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले और कार्यस्थल को स्वच्छ रखें तथा प्लास्टिक और गंदगी का प्रयोग कम से कम करें।
अभियान के दौरान सभी कर्मचारियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे कार्यालय परिसर के साथ आस-पास की नियमित सफाई करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
02 अक्टूबर, 2025 तक पीआईबी, रांची द्वारा यह विशेष साफ-सफाई अभियान जारी रहेगा।


